इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के ओपनिंग मुकाबले की मेजबानी को लेकर एम अनिश्चितता बनी हुई थी। लेकिन इस पर अब फाइनल रिपोर्ट सामने आ गई है। RCB और KSCA को IPL मैच आयोजित करने के लिए कर्नाटक की सरकार से अंतिम मंजूरी मिल गई है। आईपीएल 2026 का पहला मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेला जाएगा। 28 मार्च को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच सीजन का पहला मैच होगा। इसके लिए कर्नाटक सरकार ने अपना अंतिम फैसला सुना दिया है।
स्पेशल कमिटी और कर्नाटक सरकार के अधिकारियों के बीच हुई मीटिंग
इस पूरे मामले को लेकर कर्नाटक सरकार ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज विधान सौध में कर्नाटक के माननीय गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति और KSCA, RCB तथा DNA के प्रतिनिधियों के साथ एक मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग के दौरान, स्पेशल कमिटी ने अपनी रिपोर्ट सबके समाने प्रेजेंट की, जिसमें एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और अनुपालन उपायों का विवरण दिया गया था। स्पेशल कमिटी द्वारा की गई सिफारिशों के आधार पर और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करने के बाद, माननीय गृह मंत्री ने बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आगामी IPL मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है।
कर्नाटक सरकार ने KSCA को दिया था 15 मार्च तक का समय
दरअसल, IPL 2025 में RCB की जीत के बाद विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें कई लोगों की जान गई थी। इसके बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई सवाल उठे थे। इस पूरे मामले को गंभीरता से देखते हुए जस्टिस डी’कुन्हा कमेटी ने सुरक्षा से जुड़े कई सुझाव दिए थे। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को 15 मार्च तक सभी जरूरी सुधार पूरे करने का समय दिया गया था और उन्होंने वो सभी काम कर लिए हैं। इसी वजह से अब KSCA को मैच करवाने की अनुमति मिल गई है।
चिन्नास्वामी में खेला जाएगा RCB vs CSK मैच
12 मार्च को BCCI ने IPL 2026 के लिए 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया था। बोर्ड द्वारा जारी नए शेड्यूल के मुताबिक चिन्नास्वामी स्टेडियम IPL 2026 के सीजन ओपनर के अलावा 5 अप्रैल को RCB और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच मुकाबले की भी मेजबानी करेगा। IPL 2026 में RCB कुल पांच मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। टीम के बाकी दो घरेलू मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। पांच राज्यों में होने वाले चुनाव की तारीखें अब सामने आ गई हैं। ऐसे में उम्मीद है कि अब बचे हुए मैचों का शेड्यूल भी जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।
रजत पाटीदार ही होंगे RCB के कप्तान
RCB की टीम ने आईपीएल 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर खिताब को अपने नाम किया था। इस सीजन उनकी टीम खिताब को डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी। इस बार भी RCB की कप्तानी रजत पाटीदार ही करेंगे। पाटीदार की ही कप्तानी में RCB ने पिछले साल 18 साल के बाद पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब देखना ये होगा कि IPL 2026 में RCB का प्रदर्शन कैसा रहता है।
यह भी पढ़ें
आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, बांग्लादेश के इस हरकत से नाराज हुआ पाकिस्तान, मैच के बाद की शिकायत