RCB vs CSK Pitch Report: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बीच आईपीएल 2025 सीजन का 52वां लीग मुकाबला 3 मई को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। आरसीबी की टीम ने इस सीजन रजत पाटीदार की कप्तानी में खेलते हुए काफी शानदार प्रदर्शन दिखाया है, जिसमें वह अभी प्वाइंट्स टेबल में 10 मैचों में 7 जीत के साथ तीसरे नंबर पर हैं और उनकी नजरें इस मैच को जीतकर पहले नंबर पर पहुंचने की होगी। वहीं दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है ऐसे में वह अपने सम्मान को बचाने के इरादे से इस मैच को जीतना चाहेगी। मुकाबले की अहमियत को देखते हुए चिन्नास्वामी की पिच पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं।
इस सीजन बल्लेबाजों के लिए चिन्नास्वामी में रन बनाना दिखा है मुश्किल
बेंगलुरु की एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच वैसे तो बल्लेबाजी के लिए काफी बेहतर मानी जाती है, जहां पर बाउंड्री छोटी होने की वजह से रन भी तेजी के साथ बनते हुए देखने को मिलते हैं, लेकिन इस सीजन थोड़ा अलग देखने को मिला है। इस बार बल्लेबाजों के लिए रन बनाना थोड़ा मुश्किल काम दिखा है जिसमें तेज गेंदबाजों के साथ स्पिनर्स भी अपना कमाल चिन्नास्वामी की पिच पर दिखाने में कामयाब रहे हैं। आईपीएल 2025 में अब तक यहां पर चार मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें से तीन में टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि एक मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने अपने नाम किया है। वहीं आईपीएल में अब तक यहां पर 99 मैच खेले जा चुके हैं और इसमें 42 बार जहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं तो वहीं 53 मैचों में टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीतने में कामयाब रही है।
चिन्नास्वामी में आरसीबी को मिली है सीएसके से कड़ी टक्कर
आरसीबी और सीएसके के बीच बेंगलुरु की एम. चिन्नास्वामी में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें दोनों टीमें बराबरी पर दिखाई देती हैं। इस मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने कुल 11 मैच खेले हैं, जिसमें से 5 को आरसीबी ने अपने नाम किया है तो वहीं 5 में सीएसके की टीम जीतने में कामयाब रही है। वहीं एक मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था।
ये भी पढ़ें
गुजरात टाइटंस ने खेली इतनी कम डॉट गेंद, बन गया सुनहरा कीर्तिमान; हुआ ऐसा कमाल
साई सुदर्शन का बहुत बड़ा कीर्तिमान, सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड कर दिया ध्वस्त