1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पंजाब को फाइनल में पहुंचाते ही रिकी पोंटिंग ने रच दिया इतिहास, IPL में कर दिखाया अनोखा करिश्मा

पंजाब को फाइनल में पहुंचाते ही रिकी पोंटिंग ने रच दिया इतिहास, IPL में कर दिखाया अनोखा करिश्मा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 02, 2025 04:01 pm IST,  Updated : Jun 02, 2025 04:01 pm IST

IPL 2025 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हरा दिया और फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां उसका सामना आरसीबी की टीम से होगा।

Ricky Ponting- India TV Hindi
रिकी पोंटिंग Image Source : GETTY

IPL 2025 के फाइनल की दोनों टीमें तय हो गई हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सबसे पहले फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, पंजाब किंग्स ने दूसरे क्वालिफाय मुकाबले में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराकर 11 साल बाद IPL फाइनल में अपनी जगह बनाई। इससे पहले पंजाब की टीम साल 2014 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी थी। अब पंजाब ने इतने साल बाद फाइनल जगह बनाते हुए फैंस के मन में खिताब की उम्मीदें जगा दी है। 

अय्यर ने रचा इतिहास 

श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी के दम पर पंजाब ने मुंबई को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 6 विकेट खोकर 203 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पंजाब ने अय्यर के धमाकेदार 87 रनों की पारी की बदौलत 204 रनों का लक्ष्य एक ओवर पहले ही हासिल कर लिया। इसके साथ ही अय्यर ने इतिहास रच दिया। अय्यर पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग टीमों को IPL फाइनल में पहुंचाने का बड़ा कारनामा कर दिखाया है। इससे पहले अय्यर 2020 में दिल्ली कैपिटल्स और 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को IPL फाइनल पहुंचा चुके हैं।

रिकी पोंटिंग के नाम हुआ अनोखा कारनामा

श्रेयस अय्यर की तरह पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने भी IPL में बड़ा करिश्मा कर दिखाया है। रिकी पोंटिंग भी तीन अलग-अलग टीमों को IPL फाइनल में पहुंचाने वाले पहले कोच बन गए हैं। पोंटिंग की कोचिंग में इससे पहले मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम IPL के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बना चुकी हैं। 

गौरतलब है कि IPL 2020 में जब दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में पहुंची थी तो टीम के कप्तान श्रेय्यस अय्यर थे और टीम के हेड कोच रिकी पोटिंग थे। हालांकि, कप्तान और कोच की ये जोड़ी तब अपनी टीम को खिताब नहीं जिता सकी थी। अब इस शानदार जोड़ी के पास पंजाब किंग्स के खिताबी सूखे को खत्म करने का शानदार मौका है। अब तक राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चॉर्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स की टीम ही IPL का खिताब जीतने में कामयाब रही हैं। पंजाब किंग्स के पास पहली बार खिताब जीतने का शानदार मौका है। हालांकि, RCB को हराना अय्यर की टीम के लिए आसान काम नहीं होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल