Rinku Singh Century: एक तरफ जहां भारतीय टेस्ट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त है। वहीं, लिमिटेड ओवर टीम के भारतीय खिलाड़ी खिलाफ साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ ODI सीरीज में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इन दोनों ही सीरीज में रिंकू सिंह नहीं खेल रहे हैं लेकिन फिर भी उन्होंने बल्ले से धमाका कर दिया है। रिंकू सिंह ने शानदार शतक जड़ते हुए तहलका मचा दिया है। रिंकू का ये शतक उस फॉर्मेट में आया है, जिसके लिए वह कम ही जाने जाते हैं। उनके इस शतक की बदौलत टीम का स्कोर 400 रनों के पार पहुंच गया है।
रिंकू ने ठोका धमाकेदार शतक
दरअसल, रिंकू सिंह ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शतक जड़ने का बड़ा कारनामा किया है। उत्तर प्रदेश के धाकड़ खिलाड़ी ने कोयंबटूर में रणजी ट्रॉफी 2025-26 के 5वें राउंड के मैच में तमिलनाडु के खिलाफ शतक जड़ा। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 157 गेंदों में 9 चौकों और तीन छक्कों की मदद से यह सैकड़ा पूरा किया। इस तरह रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में दूसरा शतक जड़ने का कमाल किया। इससे पहले उनके बल्ले से 15 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के खिलाफ शतक आया था। उस मैच में उन्होंने नाबाद 165 रनों की पारी खेली थी।
लंबे समय से जारी थी रनों की भूख
आंध्र प्रदेश के खिलाफ सैकड़ा लगाने के बाद 28 साल के रिंकू सिंह को रणजी ट्रॉफी के कई मैचों से बाहर रहना पड़ा था क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय T20 टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उस दौरे पर भी रिंकू ज्यादातर समय बेंच पर बैठे रहे। आखिरी मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया लेकिन उनकी बैटिंग नहीं आई। अब उन्होंने रणजी ट्रॉफी में वापसी करते ही पिछले कई मैचों के रनों की कसर पूरी कर दी है।
फर्स्ट क्लास में आया 9वां शतक
रिंकू सिंह को भले ही अब तक टेस्ट क्रिकेट में मौका नहीं मिला हो लेकिन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके आंकड़ें शानदार है। उन्होंने अब तक 52 मैचों की 74 पारियों में 59 से ज्यादा के औसत से 3638 रन बनाए हैं। इसमें 9 शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं। UP बनाम तमिलनाडु रणजी ट्रॉफी मैच की बात की जाए तो उत्तर प्रदेश की टीम ने 7 विकेट खोकर 400 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। रिंकू सिंह शतक बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले तमिलनाडु की पहली पारी 455 रनों पर सिमट गई थी।
यह भी पढ़ें
भारत के लिए आई अच्छी खबर, कप्तान गिल को लेकर साफ हो गया मामला, स्क्वॉड में धाकड़ ऑलराउंडर की एंट्री
IND vs SA: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने चली बड़ी चाल, धुरंधर गेंदबाज को टीम में किया शामिल