लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम एक और आईपीएल का मैच हार गई है। टीम ने इस साल के आईपीएल में हार के साथ शुरुआत की थी। टीम ने इसके बाद वापसी की और दूसरा मैच अपने नाम किया। इसके साथ ही उसे दो अंक मिले, लेकिन तीसरे मैच में टीम की गाड़ी फिर पटरी से उतर गई। इस बीच टीम को अपने ही घर में हार मिली है, इसलिए चिंता की बात और भी ज्यादा है। टीम की हार का सबसे बड़ा जिम्मेदार कोई और नहीं, बल्कि टीम के कप्तान ही हैं, जो अब तक तीन मैचों में कुछ भी नहीं कर पाए हैं।
इस बार के आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी ऋषभ पंत कर रहे हैं। वे पहली बार दिल्ली कैपिटल्स से बाहर निकले हैं। लेकिन उन्हें लखनऊ की टीम रास नहीं आ रही है। बड़ी उम्मीदों के साथ एलएसजी ने उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन कप्तानी तो बाद की बात है, वे बल्ले से भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। पहले ही मैच में ऋषभ पंत शून्य पर आउट हो गए थे। दूसरे मैच में उनके बल्ले से 15 रन की एक बहुत छोटी पारी आई। मंगलवार को पंजाब किंग्स के सामने वे केवल दो ही रन बनाकर आउट हो गए। यानी वे केवल 17 रन तीन मैचों में बना सके हैं।
ऋषभ पंत को इस साल के आईपीएल में 27 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। अगर प्लेऑफ की बात ना भी की जाए और केवल लीग फेज पर ही नजर डालें तो टीम को 14 मैच खेलने होते हैं। इसे अगर 27 करोड़ से भाग किया जाए तो ऋषभ पंत को एक मैच के लिए करीब एक करोड़ 92 लाख रुपये मिलते हैं। तीन मैच खेलकर ऋषभ पंत साढ़े पांच करोड़ बना चुके हैं, लेकिन रन केवल 17 ही बने हैं और टीम दो मैच हार चुकी है। इससे खराब प्रदर्शन क्या ही होगा। ऋषभ पंत की आईपीएल में ये सबसे खराब शुरुआत है। इससे पहले उन्होंने आईपीएल के पहले तीन मैचों में कभी इतने कम रन नहीं बनाए हैं। वे इस मैच के सबसे बड़े विलेन बनकर उभरे हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए टेंशन की बात ये भी है कि टीम अब टॉप 4 से बाहर हो चुकी है। सभी टीमें दो से तीन मैच खेल चुकी हैं। अब प्लेऑफ की रेस और भी तगड़ी होगी। एक एक मैच में हार जीत का असर टीम पर पड़ेगा। टीम पंजाब किंग्स से बड़े अंतर से हारी है, इसलिए उनके नेट रन रेट पर भी काफी असर पड़ा है, जो टीम के लिए आगे जाकर काफी घातक साबित होगा। देखना होगा कि टीम ऋषभ पंत की कप्तानी में आगे कैसा प्रदर्शन करती है।
यह भी पढ़ें
IPL 2025 Points Table: पंजाब किंग्स की टॉप 4 में धमाकेदार एंट्री, एलएसजी बाहर
विराट कोहली करेंगे एक और धमाका, अब तक चार ही बल्लेबाज कर सके हैं ये कारनामा
संपादक की पसंद