1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS: सचिन-विराट भी नहीं कर पाए ये बड़ा कारनामा, रोहित शर्मा ने चौका जड़ते ही रचा कीर्तिमान

IND vs AUS: सचिन-विराट भी नहीं कर पाए ये बड़ा कारनामा, रोहित शर्मा ने चौका जड़ते ही रचा कीर्तिमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 23, 2025 09:45 am IST,  Updated : Oct 23, 2025 09:45 am IST

IND vs AUS: रोहित शर्मा दूसरे ODI में शुभमन गिल के साथ मिलकर भारतीय पारी का आगाज करने उतरे और अपना पहला चौका लगाते ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

Rohit Sharma- India TV Hindi
रोहित शर्मा Image Source : AP

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एडिलेड में ODI सीरीज के दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम इस मुकाबले में बगैर किसी बदलाव के उतरी है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 3 बड़े बदलाव किए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने जोश फिलिप, नाथन एलिस और मैथ्यू कुहनेमन की जगह एलेक्स कैरी, जेवियर बार्टलेट और एडम जंपा को टीम में शामिल किया है। 

टॉस हारकर रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी पारी का आगाज करने मैदान पर उतरी। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलना शुरू किया। पहले 2 ओवर में दोनों बल्लेबाज जोखिम भरे शॉट खेलने से बचते रहे। नतीजा ये हुआ कि 2 ओवर में टीम का सिर्फ खाता ही खुल सका। हालांकि, तीसरे ओवर में गिल और रोहित ने शानदार चौका लगाया जिससे रनों की रफ्तार में थोड़ी तेजी आई। इस दौरान रोहित ने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

दरअसल, रोहित शर्मा ने अपना पहला चौका जड़ने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 ODI रन पूरे कर लिए। इस तरह रोहित ने वो कारनामा कर दिखाया, जो महान सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी नहीं कर पाए। रोहित भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिनके नाम अब ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI क्रिकेट में 1000 रन दर्ज हो गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन

  • रोहित शर्मा - 1006
  • विराट कोहली - 802
  • सचिन तेंदुलकर - 740 
  • एमएस धोनी - 684
  • शिखर धवन - 517

पहले 5 ओवर में आए सिर्फ 14 रन

तीसरे ओवर में मिचेल स्टार्क के खिलाफ रोहित और गिल ने मिलकर भले ही 10 रन बटोरे लेकिन अगला ओवर एक बार फिर मेडन आया। जोश हेजलवुड ने अपना लगातार दूसरा ओवर मेडन फेंका। 5वें ओवर से भी टीम इंडिया 2 रन जुटा सकी। नतीजा ये हुआ कि पहले 5 ओवर में टीम इंडिया स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 14 रन लगा सकी। रोहित शर्मा 24 गेंद पर सिर्फ 8 रन बना सके। आपको जानकर हैरानी होगी कि वह अपनी पहली 20 गेंदों पर सिर्फ 6 रन बना पाए। 6 साल बाद ऐसा देखने को मिला है जब हिटमैन अपनी पहली 20 गेंदों पर इतने कम रन बनाए हैं। आखिरी बार वर्ल्ड कप 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित के बल्ले से पहली 20 गेंदों पर सिर्फ 5 रन निकले थे।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा, जोश हेजलवुड।

यह भी पढ़ें

IND vs AUS: प्लेइंग इलेवन में हुए 3 बड़े बदलाव, एक बार फिर टीम इंडिया की पहले बल्लेबाजी

इस गेंदबाज ने बल्लेबाजी में रच दिया अनोखा कारनामा, पाकिस्तान के खिलाफ उसी के घर में धरदबोचा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल