1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा के एक शतक ने बढ़ा दिया उनका क्रिकेट करियर, हिटमैन अब कब खेलेंगे इंटरनेशनल मुकाबला

रोहित शर्मा के एक शतक ने बढ़ा दिया उनका क्रिकेट करियर, हिटमैन अब कब खेलेंगे इंटरनेशनल मुकाबला

 Published : Jul 20, 2026 03:23 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 03:23 pm IST

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 138 रनों की पारी खेली, इससे उनके रिटायरमेंट की खबरें भी अब करीब करीब खत्म हो गई हैं। वे अब आगे भी खेलते हुए नजर आने वाले हैं।

rohit sharma- India TV Hindi
रोहित शर्मा Image Source : AFP

रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने वाले हैं, इस तरह की चर्चाओं ने पिछले तीन चार दिन से खूब सुर्खियां बटोरीं। दरअसल रोहित के बल्ले से बड़ी पारी नहीं आ रही थी, इसलिए इस तरह की चर्चाओं को बल मिला, लेकिन अब हिटमैन के एक शतक ने ही सारी तस्वीर पलट कर रख दी है। अब नहीं लगता कि रोहित जल्द रिटायरमेंट लेने वाले हैं, साथ ही सिलेक्शन कमेटी के लिए भी उन्हें टीम से बाहर करना आसान नहीं होगा। रोहित ने मैच के बाद खुद भी कहा कि जब तक वे खेलते रहेंगे, तब तक इस तरह की बा​तें चलती रहेंगी। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में खेली 138 रनों की धमाकेदार पारी

भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज के आखिरी मैच में रोहित का बल्ला उसी तरह से चला, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं। उन्होंने शुरुआत तो धीमी की, लेकिन जैसे ही उन्हें लगा अब वे रन बना सकते है, उन्होंने गियर चेंज कर दिया और फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। रोहित ने 110 बॉल पर 138 रनों की पारी खेली। इस दौरान 17 चौके और 5 छक्के ठोके। उनका स्ट्राइक रेट 125.45 का रहा। ये बात और है कि वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके, लेकिन कम से कम अपनी जगह तो वे पक्की करने में कामयाब हो गए लगते हैं। 

अक्टूबर 2025 के बाद अब आया रोहित शर्मा के बल्ले से शतक

इससे पहले रोहित शर्मा ने अपना आखिरी शतक अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था, तब उन्होंने सिडनी में 121 रनों की नाबाद पारी खेली थी। फरवरी 2025 में भी उन्होंने शतक लगाया था। सिडनी वनडे के बाद वे रन तो बना रहे थे, लेकिन उस तरह की बड़ी पारी नहीं आ रही थी, जिसकी उम्मीद थी, लेकिन अब उन्होंने ये भी कर दिखाया है। इसके बाद उन आलोचकों की बोलती बंद हो गई है, जो उन्हें रिटायर होने की सलाह दे रहे थे। 

अब सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच खेलने उतरेंगे हिटमैन

रोहित शर्मा अब चूंकि केवल वनडे क्रिकेट की खेलते हैं, इसलिए उनके पास अब आराम करने और बीच बीच में अपनी तैयारी जारी रखने का पर्याप्त वक्त है। सितंबर में वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आएगी, जब रोहित शर्मा फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हए नजर आएंगे। उस सीरीज में तीन वनडे खेले जाएंगे। जो आशंकाएं जताई जा रही थी कि रोहित संन्यास लें या ना लें, सिलेक्टर्स उन्हें टीम से बाहर कर देंगे, वो भी अब कम होती हुई दिख रही हैं। नहीं लगता कि इतने बड़े खिलाड़ी को धमाकेदार शतक लगाने के बाद भी सिलेक्टर्स बाहर कर पाएंगे। इस एक शतक ने कुछ किया हो या ना किया हो, लेकिन इतना जरूर है कि रोहित का क्रिकेट करियर कुछ और दिनों के लिए बढ़ा जरूर दिया है। 

यह भी पढ़ें 

इंग्लैंड से हारकर टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, टॉप की कुर्सी खतरे में पड़ी

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया जीती है केवल एक वनडे सीरीज, चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद हो गया बेड़ा गर्क

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल