1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा आज रचेंगे इतिहास?, अब तक सिर्फ क्रिस गेल के नाम दर्ज है ये बड़ा कीर्तिमान

रोहित शर्मा आज रचेंगे इतिहास?, अब तक सिर्फ क्रिस गेल के नाम दर्ज है ये बड़ा कीर्तिमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 26, 2025 07:38 am IST,  Updated : May 26, 2025 07:38 am IST

मुंबई इंडियंस की टीम आज जयपुर में पंजाब किंग्स का सामना करेगी। इस मैच में रोहित शर्मा के निशाने पर बहुत बड़ा रिकॉर्ड होगा।

Rohit Sharma - India TV Hindi
रोहित शर्मा Image Source : AP

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लीग स्टेज का रोमांच अपने चरम पर है। 26 मई को जब मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने होंगे, तो दोनों टीमों की नजरें टॉप-2 में फिनिश करने पर टिकी होगी। ऐसा करने से फाइनल में जगह बनाने का एक अतिरिक्त मौका मिलेगा। गुजरात टाइटंस (18 पॉइंट), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (17 पॉइंट), पंजाब किंग्स (17 पॉइंट) और मुंबई इंडियंस (16 पॉइंट) पहले ही प्लेऑफ का टिकट कटा चुकी हैं। अब इन टीमों के बीच टॉप-2 के लिए कड़ी होड़ है। फिलहाल पंजाब किंग्स 17 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। पंजाब को अगर मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार मिलती है, तो वह तीसरे या चौथे स्थान पर खिसक जाएगी और फिर उसे 30 मई को एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा।

जयपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ वैसे तो मुंबई के सभी खिलाड़ियों पर निगाहें टिकी होंगी, लेकिन सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा से कुछ ज्यादा ही उम्मीदें होंगी, जो पिछले 2 मैचों में सिर्फ 5 और 7 रनों की पारी खेल पाए हैं। ऐसे में आज MI के आखिरी लीग स्टेज मैच में फैंस को हिटमैन से बड़ी पारी की आस होगी। इस दौरान रोहित के निशाने पर एक खास रिकॉर्ड भी होगा। अगर वह तीन छक्के जड़ने में सफल रहते हैं, तो वह IPL इतिहास में 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

अब तक सिर्फ क्रिस गेल ने जड़े हैं 300+ सिक्स

IPL इतिहास में अब तक सिर्फ वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ही 300 से ज्यादा छक्के लगा पाए हैं। गेल के नाम कुल 357 छक्के दर्ज हैं। रोहित के नाम फिलहाल 297 सिक्स हैं। ऐसे में अगर आज उनका बल्ला चला तो वो इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे और भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। 

IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  • क्रिस गेल - 357
  • रोहित शर्मा - 297
  • विराट कोहली - 291
  • एमएस धोनी - 264
  • एबी डिविलियर्स - 251
  • डेविड वॉर्नर - 236

दिलचस्प बात ये भी है कि इस खास लिस्ट में रोहित के ठीक पीछे विराट कोहली हैं, जो इस सीजन अपने 300 छक्के पूरे करने से बस 9 सिक्स दूर हैं। ऐसे में IPL 2025 में भारतीय बल्लेबाजों के बीच यह छक्कों की जंग भी खूब देखने लायक होगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल