Highlights
- भारत और इंग्लैंड के बीच आज खेला जाएगा पहला वन डे मैच
- भारत के लिए वन डे में सबसे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं रोहित
- रोहित शर्मा के साथ आज ओपनिंग के लिए उतर सकते हैं शिखर
Rohit Sharma Sixes : टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच आज वन डे सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। सीरीज तीन मैचों की है, इसलिए पहला मैच काफी अहम होने वाला है, पहला मैच जीतने के बाद उसी टीम की सीरीज जीत की संभावना भी बढ़ जाती है। रोहित शर्मा एक बार फिर से वन डे में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। आज का मैच वैसे भी रोहित शर्मा के लिए काफी अहम होने वाला है। रोहित शर्मा एक खास मुकाम के काफी करीब हैं और आज के मैच में वे उसे हासिल करने की पूरी कोशिश करेंगे। भारत के लिए वन डे में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का कीर्तिमान रोहित शर्मा के ही नाम पर है। हालांकि उनसे आगे दुनिया के कुछ और भी खिलाड़ी हैं, लेकिन भारत के लिए नंबर एक पर वही हैं। अगर आज के मैच में रोहित शर्मा पांच और छक्के लगा देते हैं तो वन डे में उनके 250 छक्के हो जाएंगे।

वन डे में सबसे ज्यादा छक्के शाहिद अफरीदी ने मारे हैं
वन डे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम पर हैं। शाहिद अफरीदी ने 398 वन डे मैच खेले हैं और उनके नाम 351 छक्के दर्ज हैं। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 331 छक्के वन डे इंटरनेशनल में मारे हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या हैं, जिन्होंने 445 मैचों में 270 छक्के लगाए हैं। इसके बाद टीम इंडिया के रोहित शर्मा का नंबर आता है, जो अब तक 230 मैचों में 245 सिक्स लगा चुके हैं। अब 250 तक पहुंचने के लिए उन्हें पांच और छक्कों की जरूरत है।

ये हैं भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 खिलाड़ी
भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का कीर्तिमान तो रोहित शर्मा के नाम पर है, लेकिन इसके बाद किसका नाम आता है, ये भी जानना बहुत जरूरी है। रोहित शर्मा के बाद दूसरे नंबर पर इस लिस्ट में एमएस धोनी का नाम है। जिन्होंने 350 वन डे मैचों में 229 सिक्स लगाए हैं। सचिन तेंदुलकर ने 452 मैचों में 195 छक्के लगाए हैं, जो तीसरे नंबर पर हैं। वहीं पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी 311 मैचों में 190 छक्के लगाए हैं। युवराज सिंह के नाम पर भी 155 छक्के हैं और युवराज सिंह ने अपने करियर में 304 वन डे मैच खेले हैं। देखना ये दिलचस्प होगा कि रोहित शर्मा आज ही अपने 250 छक्के पूरे कर लेते हैं या फिर उन्हें इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए कुछ और मैचों की जरूरत पड़ती है। हालांकि ये तो करीब करीब पक्का ही है कि वे इस सीरीज में भी ये मुकाम हासिल कर लेंगे, क्योंकि सीरीज में कुल तीन वन डे मैच खेले जाने हैं।