1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इस खिलाड़ी ने टेस्ट और T20I क्रिकेट से वापस लिया अपना रिटायरमेंट, अचानक ही किया बड़ा ऐलान

इस खिलाड़ी ने टेस्ट और T20I क्रिकेट से वापस लिया अपना रिटायरमेंट, अचानक ही किया बड़ा ऐलान

 Written By: Govind Singh
 Published : Dec 08, 2025 10:12 am IST,  Updated : Dec 08, 2025 10:12 am IST

शाकिब अल हसन साल 2024 के बाद से ही बांग्लादेश की टीम के लिए कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं और अब उन्होंने अपना रिटायरमेंट वापस लेने का फैसला किया है।

shakib al hasan- India TV Hindi
शाकिब अल हसन Image Source : PTI

बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास वापस लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बताया है कि वह फिलहाल तीनों ही फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं। उन्होंने पिछले साल टेस्ट और T20I क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने की घोषणा की थी। वह पिछले एक साल से कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं।

शाकिब अल हसन ने कर दिया बड़ा ऐलान

शाकिब अल हसन ने बियर्ड बिफोर विकेट पॉडकास्ट पर कहा कि मैंने आधिकारिक तौर पर सभी फॉर्मेट से संन्यास नहीं लिया है। यह पहली बार है जब मैं इसका खुलासा कर रहा हूं। मेरा प्लान बांग्लादेश वापस जाकर वनडे, टेस्ट और टी20 की एक पूरी सीरीज खेलने और फिर संन्यास लेने की है। शाकिब ने आगे कहा कि मैं सभी फॉर्मेट से संन्यास ले सकता हूं। तो यह टी20, वनडे और टेस्ट, या टेस्ट, वनडे और टी20 से शुरू हो सकता है। मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं है। बस मैं पूरी सीरीज खेलना चाहता हूं।

बांग्लादेश में शाकिब के ऊपर हो चुकी है FIR

शाकिब अल हसन मई 2024 से बांग्लादेश नहीं लौटे हैं। 5 अगस्त को भारत के इस पड़ोसी देश में छात्रों का आन्दोलन हुआ था। इसके बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़कर जाना पड़ा था और इसके बाद आवामी लीग पार्टी की सरकार गिर गई थी। शाकिब आवामी लीग से ही सांसद थे और उनके ऊपर हत्या के आरोप में FIR दर्ज की गई थी। जबकि वह उस समय देश में भी नहीं थे। उन्होंने भारत के खिलाफ कानपुर में आखिरी टेस्ट मैच खेला था, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका आखिरी मैच था।

शाकिब अल हसन ने भारत के खिलाफ कानपुर टेस्ट से पहले ऐलान किया था कि वह अब T20I मैच नहीं खेलेंगे। इसके बाद उन्होंने अक्टूबर में अपने घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज में भी खेलने की इच्छा जताई थी। लेकिन बाद में उन्हें अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में मौका नहीं मिला था।

बांग्लादेश की टीम को शाकिब ने जिताए कई मैच

शाकिब की गिनती बेहतरीन ऑलराउंडर्स में होती है और उन्होंने अपने दम पर बांग्लादेश की टीम को कई मैचों में जीत दिलाई। उन्होंने टेस्ट में 4609 रन और 246  विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उनके नाम पर 7570 रन दर्ज हैं। वनडे में उन्होंने कुल 317 विकेट चटकाए हैं। T20I क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है। जहां 129 मैच खेलते हुए कुल 2551 रन बनाए हैं। इसके अलावा 149 विकेट भी झटके हैं।

यह भी पढ़ें:

T20 क्रिकेट में 10000 रनों का जादुई आंकड़ा, वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ने कर डाला बड़ा करिश्मा

भारतीय टीम के लिए आई बड़ी खुशखबरी, T20I सीरीज में खेलने के लिए फिट हुआ चोटिल खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल