1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 क्रिकेट में 10000 रनों का जादुई आंकड़ा, वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ने कर डाला बड़ा करिश्मा

T20 क्रिकेट में 10000 रनों का जादुई आंकड़ा, वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ने कर डाला बड़ा करिश्मा

 Published : Dec 08, 2025 08:25 am IST,  Updated : Dec 08, 2025 08:27 am IST

ILT20 में एमआई एमिरेट्स के लिए खेलते हुए निकोलस पूरन ने शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ सिर्फ पांच रन बनाए, लेकिन कम रन बनाने के बाद भी उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।

Nicholas Pooran- India TV Hindi
निकोलस पूरन Image Source : PTI

वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। इस समय वह ILT20 लीग में खेल रहे हैं, जहां वह एमआई एमिरेट्स की टीम का हिस्सा हैं। एमिरेट्स की टीम ने शारजाह वॉरियर्स की टीम को 4 रनों से हरा दिया। इस मैच में एमआई एमिरेट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन बनाए। इसके बाद वॉरियर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में सिर्फ 181 रन ही बना सकी। मैच में पूरन का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और उन्होंने 12 गेंदों में सिर्फ पांच रन बनाए।

निकोलस पूरन ने पूरे कर लिए 10000 रन

शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ मैच में निकोलस पूरन ने दो रन बनाते ही टी20 क्रिकेट में अपने 10000 रन पूरे कर लिए हैं। वह टी20 क्रिकेट में 10000 से ज्यादा रन बनाने वाले कुल 19वें बल्लेबाज बने हैं। वहीं वेस्टइंडीज के कुल तीसरे खिलाड़ी हैं, उनसे पहले कायरन पोलार्ड और क्रिस गेल ऐसा कर चुके हैं। पूरन ने टी20 क्रिकेट में 10000 रन तक पहुंचने के लिए कुल 400 पारियां खेली हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं निकोलस पूरन

निकोलस पूरन ने 29 साल की उम्र में ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद से ही वह दुनियाभर की लीग्स में खेल रहे हैं और जलवा दिखा रहे हैं। आईपीएल में वह लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम की तरफ से खेलते हैं। उन्होंने अभी तक टी20 क्रिकेट की 400 पारियों में कुल 10003 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 62 अर्धशतक शामिल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 687 छक्के भी लगाए हैं।

भारत के लिए अभी तक दो ही बल्लेबाज टी20 क्रिकेट में 10000 से ज्यादा रन बना पाए हैं। इनमें विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम शामिल हैं। रोहित ने टी20 क्रिकेट में 12248 रन और कोहली ने टी20 क्रिकेट में 13543 रन बनाए हैं। ये दोनों प्लेयर्स T20I क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। लेकिन अभी आईपीएल में खेल रहे हैं।

रोमारियो शेफर्ड ने खेली दमदार पारी

ILT20 में एमआई एमिरेट्स की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 185 रन बनाए। टीम के लिए मुहम्मद वसीम ने दमदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 29 गेंदों में कुल 39 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। जॉनी बेयरस्टो ने 37 रनों का योगदान दिया। अंत में रोमारियो शेफर्ड ने 10 गेंदों में 31 रन बनाए और अपनी पारी में उन्होंने चार छक्के और एक चौका लगाया। उनकी वजह से ही टीम बड़े स्कोर तक पहुंच पाई। बाद में शारजाह वॉरियर्स के लिए टॉम कोहलर-कैडमोर (51 रन) और सिकंदर रजा (64 रन) ने तो अर्धशतक लगाए। लेकिन इन दोनों प्लेयर्स को छोड़कर बाकी के बल्लेबाज अच्छा करने में विफल साबित हुए। इसी वजह से टीम का हार का मुंह देखना पड़ा।

यह भी पढ़ें:

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया को मिली हार, अब कांस्य पदक मुकाबले में होगा अर्जेंटीना से सामना

विराट कोहली के लिए अफ्रीका के खिलाफ सीरीज बन गई खास, पहली बार अपने वनडे करियर में कर पाए ये कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल