1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रेयस अय्यर ने कब से नहीं खेला है कोई T20I मुकाबला, अब सीधे कप्तान बनने की दावेदारी

श्रेयस अय्यर ने कब से नहीं खेला है कोई T20I मुकाबला, अब सीधे कप्तान बनने की दावेदारी

 Published : Jun 04, 2026 09:49 am IST,  Updated : Jun 04, 2026 09:49 am IST

श्रेयस अय्यर भारत की टी20 टीम के नए कप्तान बनने के दावेदार बनकर उभरे हैं, लेकिन उन्होंने करीब तीन साल से टीम इंडिया के लिए इस फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला है। अगर बदलाव किया जाता है तो कप्तानी से ज्यादा श्रेयस की बल्लेबाजी पर नजर होगी।

shreyas iyer- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : AP

श्रेयस अय्यर टीम इंडिया के नए T20I कप्तान होंगे? इसको लेकर चर्चा तो खूब चल रही है, लेकिन आखिरी फैसला लिया जाना अभी बाकी है। खबरें आ रही हैं कि सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस को कमान दी जाएगी। इसको लेकर मीटिंग का दौर शुरू हो चुका है, जल्द ही निर्णय भी ले लिया जाएगा। लेकिन कमाल की बात ये है कि जिन श्रेयस को कप्तान बनाने की बात की जा रही है, उन्होंने लंबे समय से भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला ही नहीं है, जो खिलाड़ी खेल रहे हैं, उन्हें किनारे कर टीम से बाहर चल रहे प्लेयर को अचानक कप्तान बनाना कहां तक ठीक होगा, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। 

साल 2017 में किया था श्रेयस ने T20I डेब्यू, साल 2023 में खेला आखिरी मुकाबला

भारतीय ​क्रिकेट टीम के लिए श्रेयस अय्यर ने अपना टी20 डेब्यू नवंबर 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था। इसके बाद उन्होंने अब तक का आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में खेला था। तब से लेकर अब तक श्रेयस ने कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। फरवरी से लेकर मार्च तक जब आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 खेला गया था, उससे पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी, तब पहले तीन मैचों के लिए श्रेयस को टीम में लिया गया, लेकिन वे एक भी मैच नहीं खेल पाए। दरअसल तब अचानक तिलक वर्मा टीम से बाहर हो गए थे, उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर श्रेयस आए, लेकिन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनने से चूक गए थे। 

अब तक 9 साल में ऐसा रहा है श्रेयस का प्रदर्शन

अपने करीब 9 साल के टी20 इंटरनेशनल करियर श्रेयस ने 51 ही मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 1104 रन बनाए हैं। यहां श्रेयस का औसत 30.66 का है और वे 136.12 के औसत से रन बना रहे हैं। श्रेयस के नाम शतक तो नहीं है, लेकिन आठ अर्धशतक उन्होंने लगाए हैं। 

आईपीएल में श्रेयस ने किया है कमाल का प्रदर्शन

इस बीच श्रेयस के आईपीएल में पिछले दो से तीन साल काफी अच्छे गए हैं। साल 2024 के आईपीएल में श्रेयस केकेआर के कप्तान थे, तब उन्होंने खिताब भी अपने नाम किया था। उस साल श्रेयस ने 15 मैच खेलकर 351 रन बनाए थे। हालांकि इसके बाद वे केकेआर से अलग हो गए और पंजाब किंग्स में आकर उसके कप्तान बन गए। साल 2025 में उन्होंने पंजाब के लिए 17 आईपीएल मैच खेलकर 604 रन बनाए थे। इसके बाद इस साल की बात की जाए तो श्रेयस ने 14 मुकाबलों में 498 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। श्रेयस ने आईपीएल में अब तक एक ही शतक लगाया है और वो इसी साल आया है। 

कप्तानी से ज्यादा श्रेयस की बल्लेबाजी फॉर्म पर रहेगी सभी की नजर

अब अगर बीसीसीआई की ओर से श्रेयस की कप्तान के तौर पर ताजपोशी होती है तो सबसे ज्यादा नजर उनके फॉर्म पर होगी कि वे कैसे और कितने रन बनाते हैं। ऐसा इसलिए क्यों​कि सूर्या की कप्तानी को लेकर कोई सवाल नहीं है। मार्च में ही उन्होंने आईसीसी टी20 विश्व कप जीता था। इससे पहले पाकिस्तान को तीन बार हराकर एशिया कप की ट्रॉफी भी अपने नाम की। सूर्या अब तक कोई भी बाइलेट्रल सीरीज नहीं हारे हैं। लेकिन उनका फॉर्म नहीं है, इसलिए वे टीम में जगह बनाने के लिए जूझ रहे हैं। इसलिए कप्तान के तौर पर तो बाद में, लेकिन खिलाड़ी के तौर पर श्रेयस की परीक्षा होगी, ये तय है। 

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी का असली इम्तिहान तो अब होगा, स्टार स्पोर्ट्स नहीं तो कहां देख पाएंगे लाइव मुकाबले

ODI World Cup 2027: श्रीलंका ने मैच जीतकर किसकी बढ़ाई टेंशन, आईसीसी रैंकिंग में लगा झटका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल