कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर की शुरुआत भारतीय टीम के साथ अच्छी नहीं रही है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया पहले आयरलैंड से हारी और अब इंग्लैंड से भी हार गई है। मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है। इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश दिखे। उन्होंने मैच खत्म होने के बाद बताया कि टीम इंडिया से कहां चूक हुई और टीम क्यों इस मुकाबले में हार गई।
17वां ओवर हमारे लिए भारी पड़ गया- श्रेयस अय्यर
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस अय्यर ने कहा कि मुझे लगता है कि हम सभी जानते हैं कि मैच कहां हमारे हाथ से फिसल गया, लेकिन मैं किसी एक खिलाड़ी पर उंगली नहीं उठाना चाहता। मुझे लगा था कि पहली नो-बॉल फेंकने के बाद वह दमदार वापसी करेगा, लेकिन 17वां ओवर हमारे लिए बहुत भारी पड़ गया। खैर, वह इस गलती से जरूर सीखेगा। आपको बता दें कि भारत की तरफ से पारी का 17वां ओवर रवि बिश्नोई डाल रहे थे। उस ओवर में उन्होंने दो नो बॉल सहित 29 रन खर्च किए जो टीम के लिए महंगा साबित हुआ।
श्रेयस ने की जैकब बेथेल की तारीफ
पिच को लेकर अय्यर ने कहा कि इस पिच पर गेंद असमान रूप से उछल रही थी गेंद कभी कम तो कभी ज्यादा बाउंस कर रही थी, इसलिए मुझे लगता है कि हमारा स्कोर काफी अच्छा था। शुरुआती 15 ओवरों तक मैच पर हमारी पकड़ मजबूत थी, लेकिन फिर अचानक पासा पलट गया जिसके लिए जैकब बेथेल की पारी की तारीफ करनी होगी। जैकबी बेथेल ने इस मुकाबले में 46 बॉल पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से नाबाद 76 रन की पारी खेली।
वैभव को लेकर अय्यर ने क्या कहा?
वहीं वैभव को लेकर भारतीय कप्तान ने कहा कि उनका स्वभाव बेहद निडर है और वो बिल्कुल घबराते नहीं हैं। जिस तरह से वो नेट्स में बल्लेबाजी करते हैं, उससे सच में बहुत कुछ सीखा जा सकता है। मुझे अंदाजा था कि वो अपने पहले मैच में बिल्कुल भी नर्वस नहीं होंगे। आपको बता दें कि वैभव अपने डेब्यू मैच में 10 बॉल पर दो छक्के की मदद से सिर्फ 14 रन ही बना सके। सभी को अब उम्मीद है कि वह अगले मैच में बड़ी पारी खेलेंगे।
यह भी पढ़ें
अक्षर पटेल ने टी20 क्रिकेट में बनाया नया कीर्तिमान, 100 विकेट लेने वाले पहले बने पहले भारतीय