IND vs SA: भारतीय क्रिकेट टीम 14 नवंबर से एक्शन में होगी। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया कोलकाता के ऐतिहासिक इडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका से लोहा लेगी। इस मैच में सभी की निगाहें नए-नवेले भारतीय कप्तान शुभमन गिल पर लगी होगी, जिन पर टीम इंडिया की कप्तानी करने के साथ-साथ बल्ले से भी अहम योगदान देने की जिम्मेदारी होगी। शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल के पास इस साल एक हजार रन पूरे करने का शानदार मौका है। इसके लिए उन्हें सिर्फ 21 रनों की दरकार है। साल 2025 में वह टेस्ट में 1000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बनने के बेहद करीब हैं।
गिल बड़ा मुकाम हासिल करने के करीब
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता में जबकि दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इन दोनों ही मैचों में गिल के निशाने पर कई बड़े कीर्तिमान होंगे। इनमें एक रिकॉर्ड ऐसा है, जो अब तक सिर्फ पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के नाम पर दर्ज है।
दरअसल, शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के इतिहास में 3000 रन बनाने के बेहद करीब हैं। उन्होंने WTC में 39 टेस्ट मैचों की 72 पारियों में 43.01 के औसत से 2839 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं। उन्हें 3000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 161 रनों की दरकार है। अगर गिल दोनों टेस्ट मैचों की 4 पारियों में कुल मिलाकर 161 रन बनाने में सफल होते हैं, तो वह WTC के इतिहास में 3000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 9वें बल्लेबाज बन जाएंगे। यही नहीं, इस खास मुकाम को हासिल करने वाले वह सिर्फ दूसरे एशियन बल्लेबाज होंगे। अब तक बाबर आजम के नाम पर यह कारनामा दर्ज है। बाबर आजम ने 38 टेस्ट मैचों की 70 पारियों में 47.40 के शानदार औसत से 3129 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 19 अर्धशतक आए हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- जो रुट - 6080
- स्टीव स्मिथ - 4278
- मार्नश लाबुशेन - 4225
- बेन स्टोक्स - 3616
- ट्रेविस हेड - 3300
- उस्मान ख्वाजा - 3288
- बाबर आजम - 3129
- जैक क्रॉली - 3041
- ओली पोप - 2868
- शुभमन गिल - 2839
- केन विलियमसन - 2822
यह भी पढ़ें:
टेस्ट सीरीज से पहले आई बुरी खबर, तेज गेंदबाज को लगी चोट
रोहित-विराट के सामने रहेगी ये सबसे बड़ी चुनौती, दिग्गज भारतीय बल्लेबाज ने किया खुलासा