1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रणजी ट्रॉफी से पहले बदल गया मुंबई का कप्तान, शार्दुल ठाकुर की जगह सिद्धेश लाड को मिली जिम्मेदारी

रणजी ट्रॉफी से पहले बदल गया मुंबई का कप्तान, शार्दुल ठाकुर की जगह सिद्धेश लाड को मिली जिम्मेदारी

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 01, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 12:08 pm IST

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी रणजी सीजन से पहले टीम का कप्तान बदल दिया है। शार्दुल ठाकुर की जगह उस खिलाड़ी को कमान सौंपी गई है जिन्होंने 8 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।

Shardul Thakur & Siddesh Laad- India TV Hindi
शार्दुल ठाकुर & सिद्धेश लाड Image Source : PTI

2026-27 के आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी में बदलाव किया गया है। शार्दुल ठाकुर की जगह अब सिद्धेश लाड को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। आपको बता दें कि पिछले घरेलू सीजन में मुंबई की कमान शार्दुल ठाकुर के हाथों में थी। जानकारी के मुताबिक शार्दुल को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत कप्तानी से हटाया गया है। पिछले रणजी सीजन में भी शार्दुल की गैरमौजूदगी में सिद्धेश टीम के कप्तान बनाए गए थे। पिछले सीजन लाड ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 774 रन ठोके थे।

अजिंक्य रहाणे की जगह शार्दुल ठाकुर को बनाया गया था कप्तान

2025-26 के रणजी ट्रॉफी सीजन में अजिंक्य रहाणे की जगह शार्दुल ठाकुर को मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया था। 42 बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी मुंबई की टीम उस सीजन क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो गई। हालांकि, टीम के 34 वर्षीय बल्लेबाज सिद्धेश लाड ने उस दौरान काफी बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने पिछले सीजन के 8 मैचों में 77.40 की जबरदस्त औसत से 774 रन बनाए, जिसमें 5 शतक और 1 अर्धशतक शामिल था। सिद्धेश लाड बीच में मुंबई की टीम छोड़कर गोवा की तरफ से खेलने चले गए थे, लेकिन एक साल का 'कूलिंग ऑफ' पीरियड पूरा करने के बाद 2024-25 के सीजन में उन्होंने फिर से मुंबई की टीम में वापसी की थी।

सेलेक्टर्स ने बताया क्यों शार्दुल से ली गई कप्तानी

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के सेलेक्टर्स ने यह फैसला शार्दुल ठाकुर के वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए लिया है। सेलेक्टर्स चाहते हैं कि शार्दुल को उनके खेल के साथ कप्तानी का दबाव ना दिया जाए और उनका वर्कलोड मैनेज किया जाए।। हालांकि शार्दुल टीम की रणनीतियों का अहम हिस्सा बने रहेंगे। पिछले सीजन में भी जब शार्दुल चोट के कारण बाहर थे, तब सिद्धेश लाड ने ही टीम की कप्तानी संभाली थी। मुंबई की टीम को इस सीजन में कुल 10 लीग मैच खेलने हैं, और उनके रणजी अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ के खिलाफ होगी।

घरेलू क्रिकेट में सिद्धेश लाड के आंकड़े

अगर सिद्धेश लाड के करियर रिकॉर्ड्स की बात करें, तो उन्होंने फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी-20 मिलाकर कुल 8000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 82 फर्स्ट क्लास मैचों में 5623 रन बनाने के साथ-साथ 8 विकेट भी लिए हैं। वहीं, 56 लिस्ट-ए चों में उनके नाम 1571 रन और 20 विकेट दर्ज हैं। टी-20 क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 61 मैचों में 944 रन बनाए हैं और गेंदबाजी करते हुए 23 विकेट भी चटकाए हैं।

यह भी पढ़ें

इंडिया सीरीज के लिए हुआ ऑस्ट्रेलिया A टीम का ऐलान, भारतीय मूल के 2 खिलाड़ियों को मिली जगह

शिमरन हेटमायर ने लगाया विस्फोटक शतक, चौकों से ज्यादा ठोक दिए छक्के

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल