श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला दांबुला के रणगिरी स्टेडियम में 11 जनवरी को खेला जाएगा। इस सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान की टीम 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही थी, तो वहीं दूसरा मुकाबला बारिश के खलल के चलते रद्द कर दिया गया था। ऐसे में अब मेजबान श्रीलंका के पास तीसरे टी20 मैच को जीतकर इस सीरीज को बराबरी पर खत्म करने का शानदार मौका रहने वाला है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए दोनों टीमों के लिए ये सीरीज काफी अहम है, ऐसे में सभी की नजरें आखिरी टी20 मैच पर रहने वाली हैं।
कब-कहां और कैसे देखें तीसरा टी20 मुकाबला
इस टी20 सीरीज का आखिरी मैच दांबुला के स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से होगी तो वहीं टॉस शाम 6:30 पर होगा। तीसरे टी20 मैच का भारतीय फैंस सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, तो वहीं मैच की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सोनी लिव और फैनकोड ऐप पर होगी, जिसमें लॉगिन कर फैंस अपने मोबाइल या फिर स्मार्ट टीवी पर मैच का आनंद ले सकते हैं। वहीं तीसरे टी20 मैच के मौसम को लेकर बात की जाए तो उसमें भी बारिश का खलल देखने को मिल सकता है, जिसके चलते मुकाबला देरी से भी शुरू होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
दांबुला के मैदान पर अब तक बेहतर रहा है श्रीलंका का रिकॉर्ड
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम का दांबुला के रणगिरी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह लगभग बेहतर देखने को मिला है। श्रीलंकाई टीम ने अभी तक इस मैदान पर 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें से वह 5 को जहां जीतने में कामयाब रहे हैं तो वहीं 5 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं पाकिस्तान टीम के खिलाफ उन्होंने सिर्फ एक मैच खेला है और उसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इस मैदान पर अब तक खेले गए 10 मैचों में से 6 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है तो वहीं चार मैचों में टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही है।
ये भी पढ़ें