भारतीय महिला क्रिकेट टीम आगामी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल से साउथ अफ्रीका के दौरे का आगाज करेगी। इस दौरे पर टीम इंडिया को 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसको लेकर बीसीसीआई की तरफ से स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया गया था। वहीं सभी की नजरें साउथ अफ्रीका के स्क्वाड पर थी, जिसका ऐलान अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने कर दिया है। इसमें उनकी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी अनुभवी खिलाड़ी लौरा वोल्वार्ड्ट संभालेंगी।
पूर्व कप्तान डेन वैन नीकेर्क को नहीं मिली जगह
साउथ अफ्रीका ने भारतीय महिला टीम के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए जो स्क्वाड का ऐलान किया है उसमें उन्होंने पूर्व कप्तान डेन वैन नीकेर्क को जगह नहीं दी है। वैन नीकेर्क अभी भी पिंडली की चोट से उबर रही हैं, जिसकी वजह से वह पिछले महीने न्यूजीलैंड में हुई सीरीज से बाहर हो गई थीं। इसका मतलब है कि पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास वापस लेने के बाद से उन्होंने सिर्फ पांच T20 मैच खेले हैं और उनमें से कोई भी मैच घर से बाहर नहीं खेला है। इसके बावजूद यदि वह टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी चोट से उबर जाती हैं तो उन्हें मेगा टूर्नामेंट के लिए शामिल करने पर विचार किया जा सकता है, जिसमें वह अफ्रीकी महिला टी20 टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी में शामिल हैं, जिसमें उन्होंने 91 टी20 मैच खेले हैं।
भारतीय महिला टी20 टीम के खिलाफ साउथ अफ्रीकी टीम का स्क्वाड
लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), एनेके बॉश, ताजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लार्क, एनेरी डर्कसन, अयांदा ह्लुबी, सिनालो जाफ्ता, अयाबोंगा खाका, सुने लुस, टेबोगो माचेके, एलिज-मारी मार्क्स, नॉनकुलुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायॉन।
तीन वेन्यू पर खेले जाएंगे इस टी20 सीरीज के मुकाबले
पांच मैचों की भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली टी20 सीरीज के मुकाबले तीन वेन्यू पर खेले जाएंगे, जिसमें पहले 2 मुकाबले जो 17 और 19 अप्रैल को होंगे वह डरबन के किंग्समीड मैदान पर होंगे। इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को अगले 2 टी20 मैच जोहान्सबर्ग के वान्डर्स स्टेडियम में होंगे, जबकि इस सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 27 अप्रैल को बेनोनी के विल्लोमेरो पार्क में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
ICC का बड़ा ऐलान, T20 WC 2026 की प्राइज मनी में जबरदस्त इजाफा, चैंपियन टीम पर होगी करोड़ों की बारिश