ICC Women's T20 World Cup 2026: महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ICC ने वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत से ठीक 60 दिन पहले आए इस ऐलान ने खिलाड़ियों और फैंस के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है। इंग्लैंड और वेल्स में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए कुल प्राइज पूल 8,764,615 US डॉलर यानी लगभग 81 करोड़ 83 लाख तय किया गया है, जो 2024 के मुकाबले 10 प्रतिशत ज्यादा है। इस बार टूर्नामेंट में पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे इनामी राशि का स्तर भी काफी बढ़ गया है।
चैंपियन टीम को मिलेगी भारी भरकम राशि
इनाम की बात करें तो चैंपियन टीम को 2,340,000 डॉलर (करीब 21 करोड़ 84 लाख रुपये) मिलेंगे, जबकि रनर-अप को 1,170,000 डॉलर (लगभग 10 करोड़ 92 लाख रुपये) दिए जाएंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 675,000- 675,000 US डॉलर मिलेंगे। वहीं हर ग्रुप मैच जीतने पर 31,154 डॉलर मिलेंगे और सभी 12 टीमों को कम से कम 247,500 डॉलर की गारंटीड प्राइज मनी दी जाएगी।
ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने महिला क्रिकेट के बढ़ते कद पर खुशी जताते हुए कहा कि महिला क्रिकेट का विकास लगातार तेजी से हो रहा है, और ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप का 12 टीमों तक विस्तार, साथ ही रिकॉर्ड प्राइज पूल, एक मजबूत और अधिक प्रतिस्पर्धी वैश्विक खेल बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट के हर पहलू में इसी गति के साथ, यह टूर्नामेंट न केवल खेल और मीडिया में दर्शकों और व्यूअरशिप के नए रिकॉर्ड स्थापित करेगा, बल्कि दुनिया भर के सामाजिक और सांस्कृतिक परिदृश्य पर भी स्थायी प्रभाव छोड़ेगा।
ICC ने ट्रॉफी टूर का किया आगाज
इसी के साथ ICC ने ट्रॉफी टूर की भी शुरुआत कर दी है, जिसकी शुरुआत लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से हुई। यहां ट्रॉफी को पहली बार पवेलियन पर शानदार प्रोजेक्शन के साथ प्रदर्शित किया गया। ट्रॉफी अब नीदरलैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड जैसे देशों का दौरा करेगी और इसके बाद इंग्लैंड के मेजबान शहरों में पहुंचेगी। 12 जून से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट से पहले यह टूर फैंस के बीच उत्साह को चरम पर पहुंचाने का काम करेगा। कुल मिलाकर वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि इनामी राशि और लोकप्रियता के मामले में भी एक नया इतिहास रचने जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
RR के मैनेजर फोन चलाते कैमरे में हुए थे कैद, अब BCCI ने लिया एक्शन
2 लाख की आबादी वाले देश का बड़ा कारनामा, लगातार दूसरी बार U19 WC के लिए किया क्वालिफाई