Australia vs South Africa T20I Match: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी20 मैच खेला जा रहा है। इस मैच में अफ्रीकी टीम के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने कमाल की बल्लेबाजी की और उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं और दमदार शतक लगाया। उनकी वजह से ही अफ्रीकी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 218 रन बनाए।
डेवाल्स ब्रेविस ने किया कमाल
साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जब एडन माक्ररम और रेयान रिकेल्टन बड़ी पारियां नहीं खेल पाए और आउट हो गए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। ब्रेविस ने मैच में सिर्फ 41 गेंदों में ही शतक पूरा कर लिया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 56 गेंदों में कुल 125 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वहीं स्टब्स ने 22 गेंदों में 31 रन बनाए। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की।
पिछले 11 सालों में साउथ अफ्रीका की तरफ से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये पहली 100+ रनों की साझेदारी है। अफ्रीका के लिए साल 2014 में T20I मैच में क्विंटन डि कॉक और राइली रूसो ने दूसरे विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी की थी, जो अफ्रीका की T20I क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ी पार्टनरशिप थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I में अफ्रीका ने बनाया हाईएस्ट स्कोर
डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टबस की मदद से अफ्रीकी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 218 रन बनाए। ये T20I क्रिकेट में अफ्रीका का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर है। इससे पहले अफ्रीका ने साल 2016 में T20I मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 204 रन बनाए थे, जो उसका कंगारुओं के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर था। लेकिन अब 9 साल बाद अफ्रीका ने बड़ा कीर्तिमान बनाया है।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज रहे फ्लॉप
ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई भी गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 56 रन देकर एक विकेट चटकाया। लेकिन वह बहुत ही महंगे साबित हुए। ग्लेन मैक्सवेल और बेन ड्वार्शुइस के खाते में दो-दो विकेट गए। एडम जाम्पा ने एक विकेट लिया, लेकिन उन्होंने 46 रन लुटाए।
यह भी पढ़ें:
जोश हेजलवुड को पहली बार देखना पड़ा ये काला दिन, इस बल्लेबाज ने उड़ा दी धज्जियां
न्यूजीलैंड का साथ छोड़कर अब इस देश से खेलेगा 34 साल का खिलाड़ी, अचानक ले लिया बड़ा फैसला