साउथ अफ्रीका की टीम इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर है जहां वह 5 मैचों की टी20 सीरीज मेजबान टीम के खिलाफ खेलने के लिए पहुंची है। इस सीरीज का पहला मुकाबला अफ्रीकी टीम ने एकतरफा तरीके से अपने नाम किया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच में सीरीज का दूसरा मुकाबला हैमिल्टन के मैदान पर 17 मार्च को खेला गया जिसे कीवी टीम 68 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। साउथ अफ्रीका टीम को भले ही दूसरे टी20 मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन उनके ओपनिंग बल्लेबाज वियान मुल्डर के एक शॉट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस शॉट में उन्होंने ऐसा छक्का लगाया जिसमें गेंद सीधे स्टेडियम पार कर सड़क पर जाकर गिरी।
मुल्डर से करीब 100 मीटर लंबा छक्का लगाया
न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरे टी20 मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 176 रनों का स्कोर बनाया था। इसके बाद टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम के दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों ने पहले 2 ओवर्स में थोड़ा संभलकर खेला जिसमें सिर्फ 5 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। तीसरे ओवर में वियान मुल्डर ने थोड़ा आक्रामक रुख अपनाने का फैसला लिया जिसमें उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद जिसे काइल जैमीसन ने फेंकी थी उसपर थोड़ा आगे बढ़ने के साथ मिड विकेट की तरफ पुल शॉट खेला। गेंद करीब 100 मीटर दूर जाकर स्टेडियम को पार करते हुए सीधे सड़क पर गिरी। मुल्डर के इस शॉट को देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया था।
साउथ अफ्रीका की पारी 107 रनों पर सिमटी
दूसरे टी20 मैच में साउथ अफ्रीका की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए काफी खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें वह 15.3 ओवर्स में सिर्फ 107 रन बनाकर सिमट गई। अफ्रीकी टीम की तरफ से इस मैच में जॉर्ज लिंडे ने सबसे ज्यादा 33 रनों की पारी खेली। वहीं 6 अफ्रीकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हो सके। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्युसन और बेन सियर्स का कमाल देखने को मिला जिसमें दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर 2 जबकि क्लोए मेक्कोन्की और जेम्स नीशम ने 1-1 विकेट हासिल किया। अब दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
IPL 2026: एबी डिविलियर्स ने धोनी को लेकर ये क्या कह दिया? संजू की जमकर की तारीफ
ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज पाकिस्तान में बना कप्तान, T20I क्रिकेट में खेला है सिर्फ 1 मैच