1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SRH vs RR IPL Eliminator: राजस्थान ने दर्ज की 47 रनों से जीत, क्वालीफायर-2 में पक्की की अपनी जगह

SRH vs RR IPL Eliminator: राजस्थान ने दर्ज की 47 रनों से जीत, क्वालीफायर-2 में पक्की की अपनी जगह

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 27, 2026 06:28 pm IST,  Updated : May 27, 2026 11:34 pm IST

SRH vs RR IPL Eliminator: राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले को 47 रनों से अपने नाम करने के साथ क्वालीफायर-2 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है, जहां पर उनकी भिड़ंत गुजरात टाइटंस से होगी।

राजस्थान रॉयल्स- India TV Hindi
राजस्थान रॉयल्स Image Source : AP

SRH vs RR IPL Eliminator: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला गया जिसे राजस्थान रॉयल्स की टीम 47 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही और क्वालीफायर-2 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने 243 रनों का स्कोर बनाया था। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 196 के स्कोर पर सिमट गई।

राजस्थान रॉयल्स को इस मैच में वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। वहीं यशस्वी जायसवाल कुछ खास नहीं कर सके और वह 29 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 137 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवाने के बाद राजस्थान रॉयल्स की पारी को ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने संभाला जिसमें दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी देखने को मिली। ध्रुव जुरेल इस मैच में 50 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे जिसके बाद अचानक राजस्थान रॉयल्स के विकेट गिरने का सिलसिला काफी तेज देखने को मिला। राजस्थान रॉयल्स 243 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे ने तीन जबकि नितीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

सनराइजर्स हैदराबाद की टारगेट का पीछा करते हुए शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं देखने को मिली, जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट अभिषेक शर्मा के रूप में डक पर गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन ने ट्रैविस हेड के साथ मिलकर स्कोर को तेजी से बढ़ाना शुरू किया लेकिन वह भी 11 गेंदों में 33 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। वहीं ट्रैविस हेड भी 8 गेंदों में 17 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। पहले 6 ओवर्स का खेल खत्म होने पर सनराइजर्स हैदराबाद ने 71 रन तो बना लिए थे लेकिन वह चार अहम विकेट गंवा चुकी थी।

नितीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने इस मैच में छठे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी करने के साथ अपनी टीम की वापसी कराने की पूरी कोशिश की लेकिन नितीश के 38 रन बनाकर पवेलियन लौटने के साथ हैदराबाद की हार तय हो गई थी। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस मैच में 196 रनों का स्कोर ही बनाने में कामयाब हो सकी और उसे 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट तो वहीं नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा ने 2 जबकि यश राज पुंजा ने 1 विकेट हासिल किया।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।

राजस्थान रॉयल्स - यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डुनेवन फरेरा, दसुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, ब्रजेश शर्मा, यश राज पुंजा।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर्स लिस्ट

सनराइजर्स हैदराबाद - सलिस अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, लियम लिविंगस्टन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल।

राजस्थान रॉयल्स - शुभम दुबे, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल