श्रीलंका की टीम को जुलाई महीने की शुरुआत में घर पर बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसको लेकर श्रीलंका क्रिकेट ने 27 जून को 16 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया। बांग्लादेश की टीम अभी मेजबान श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसके बाद 2 जुलाई से वनडे सीरीज का आगाज होगा। इस सीरीज में श्रीलंका टीम की कप्तानी जहां चरिथ असलंका संभालते हुए नजर आएंगे तो वहीं लगभग 7 महीने के बाद दो अहम प्लेयर्स की भी स्क्वाड में वापसी हुई है।
समराविक्रमा और मदुशंका की हुई श्रीलंका की वनडे स्क्वाड में वापसी
बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए घोषित हुई श्रीलंका की स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें लगभग 7 महीने के बाद सदीरा समराविक्रमा और दिलशान मदुशंका की टीम में वापसी हुई है। इन दोनों ही प्लेयर्स ने अपना पिछला वनडे मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2024 में नवंबर महीने में हुई वनडे सीरीज में खेला था। समराविक्रमा ने अबू धाबी में श्रीलंका-ए टीम की तरफ से ट्राई सीरीज में भी खेला था, जिसमें उनके बल्ले से 4 पारियों में 197 रन देखने को मिले थे और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर्स की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ मदुशंका भी इस सीरीज में श्रीलंका टीम का हिस्सा थे और 4 मैचों में 8 विकेट लेने में कामयाब हुए थे।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका टीम का स्क्वाड
चरिथ असलंका (कप्तान), पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, निशान मदुश्का, कुसल मेंडिस, सदीरा समराविक्रमा, कामेंदु मेंडिस, जेनिथ लियानागे, दुनिथ वेल्लागे, वानिंदु हसरंगा, महेश तीक्ष्णा, जेफरी वांडरसे, मिलन रत्नायके (फिटनेस के आधार पर), दिलशान मदुशंका, असिथा फर्नांडो, ईशान मलिंगा।
कोलंबो और पल्लेकेले में खेली जाएगी वनडे सीरीज
तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मुकाबले 2 और 5 जुलाई को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे, वहीं सीरीज का तीसरा मुकाबला 8 जुलाई को पल्लेकेले के स्टेडियम में खेला जाएगा। वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद दोनों टीमों के बीच तीन टी20 मैच भी खेले जाएंगे, जिसकी शुरुआत 10 जुलाई से होगी।
ये भी पढ़ें
IND vs ENG: बुमराह से बाकी बॉलर्स को सीखना चाहिए, टीम इंडिया के गेंदबाजों पर भड़के मोहम्मद शमी
रोनाल्डो ने किया बड़ा करार, पैसों की बरसात; हर साल मिलेंगे 2000 करोड़ रुपए और प्राइवेट जेट का खर्च