भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में साल 2026 की शुरुआत में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। 25 नवंबर को मुंबई में हुए एक कार्यक्रम के दौरान आईसीसी ने इसके शेड्यूल का भी ऐलान कर दिया जिसमें 8 मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मौके पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के अलावा मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद थे, जिन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में किस टीम का सामना करना अधिक पसंद करेगी। सूर्या की कप्तानी में अब तक भारतीय टीम का टी20 में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है।
ऑस्ट्रेलिया से हिसाब चुकता करना चाहते हैं कप्तान सूर्यकुमार यादव
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान के नहीं क्वालीफाई करने पर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर साल 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मैच भी खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें सूर्या भी प्लेइंग 11 का हिस्सा थे और वह सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हो गए थे। अब सूर्यकुमार यादव से जब मुंबई में हुए एक कार्यक्रम के दौरान पूछा गया कि वह फाइनल में किस टीम का सामना करना चाहते हैं, तो उन्होंने बिल्कुल भी देर ना लगाते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम का नाम लिया। सूर्या ने कहा कि अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम, ऑस्ट्रेलिया। बता दें कि भारतीय टीम ने पिछले टी20 वर्ल्ड कप के सुपर आठ में ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से मात दी थी।
टीम इंडिया 15 फरवरी को करेगी पाकिस्तान का सामना
भारतीय टीम को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए में जगह मिली है, जिसमें उसके साथ पाकिस्तान, यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड्स की टीम भी हिस्सा है। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को यूएसए की टीम के खिलाफ खेलेगी, जिसके बाद 12 फरवरी को नामीबिया की टीम से सामना होगा। इसके बाद टीम इंडिया ग्रुप स्टेज के अपने तीसरे मुकाबले में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने मैदान पर उतरेगी। 18 फरवरी को भारतीय टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मैच अहमदाबाद के मैदान पर खेलने उतरेगी।
ये भी पढ़ें
T20 वर्ल्ड कप 2026 के फुल शेड्यूल का ऐलान, 8 वेन्यू पर होगा आयोजन, इस दिन खेला जाएगा फाइनल
'बहुत बड़े सम्मान की बात', T20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा बनने पर बोले रोहित शर्मा