1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्किन अहमद का बड़ा फैसला, लंका प्रीमियर लीग छोड़ा

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्किन अहमद का बड़ा फैसला, लंका प्रीमियर लीग छोड़ा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 22, 2026 10:54 pm IST,  Updated : Jul 22, 2026 10:54 pm IST

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्किन अहमद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए लंका प्रीमियर लीग 2026 से नाम वापस ले लिया है।

Taskin Ahmed - India TV Hindi
बांग्लादेश क्रिकेट टीम Image Source : AFP

बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज तस्किन अहमद ने अपने करियर के सबसे अहम दौर में बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने लंका प्रीमियर लीग यानी LPL 2026 से नाम वापस लेकर पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी पर ध्यान देने का फैसला किया है। अगस्त में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज को देखते हुए तस्किन ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बजाय नेशनल टीम को प्राथमिकता दी है।

तस्किन जिम्बाब्वे दौरे के बाद ढाका लौटे थे और उन्हें LPL में जाफना किंग्स की ओर से खेलने के लिए श्रीलंका रवाना होना था। इसके लिए उन्हें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB से NOC भी मिल चुका था। शुरुआत में योजना थी कि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I सीरीज नहीं खेलेंगे, लेकिन मुस्तफिजुर रहमान के चोटिल होने के बाद उन्होंने टीम के साथ रुकने का फैसला किया। अब तस्किन ने एलपीएल से भी हटने का निर्णय लिया है ताकि ऑस्ट्रेलिया के कठिन टेस्ट दौरे की तैयारी प्रभावित न हो।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए छोड़ा LPL

तस्किन अहमद ने अपने फैसले के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि लगातार क्रिकेट खेलने से उनकी टेस्ट तैयारी प्रभावित हो सकती थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने LPL से हटने का फैसला ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए लिया है। हमने जिम्बाब्वे में लगातार 6 मैच खेले। LPL में शायद मुझे चार मैच और खेलने को मिलते। वहां से लौटकर तुरंत ऑस्ट्रेलिया जाना पड़ता, जिससे मेरी टेस्ट तैयारी प्रभावित होती। उन्होंने आगे कहा कि थोड़ा आर्थिक नुकसान जरूर होगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया जैसी टेस्ट सीरीज बार-बार नहीं आती। इसलिए उन्होंने NOC मिलने के बावजूद LPL से हटने का फैसला किया।

2003 के बाद ऑस्ट्रेलिया में खेलेगी टेस्ट सीरीज

बांग्लादेश की टीम अगस्त में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना होगी, जहां वह 2003 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र का हिस्सा होगी। पहला टेस्ट 13 से 17 अगस्त तक डार्विन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 22 से 26 अगस्त तक मैके में होगा।

चोटों ने बढ़ाई बांग्लादेश की चिंता

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी अटैक पर भी चोटों की मार पड़ी है। युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20I मैच के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव का शिकार हो गए थे। वह अपना स्पेल भी पूरा नहीं कर सके। अब उनकी चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए स्कैन कराया जाएगा। वहीं, तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम भी हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

तस्किन अहमद का बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज बने

क्या हो पाएगी भारत बनाम बांग्लादेश वनडे और टी20 सीरीज, अमीनुल हक को अभी भी उम्मीद

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल