1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 85 रन पर ऑलआउट होकर भी टीम बनी चैंपियन, 47 साल के कप्तान ने फाइनल में किया कमाल

85 रन पर ऑलआउट होकर भी टीम बनी चैंपियन, 47 साल के कप्तान ने फाइनल में किया कमाल

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Aug 02, 2026 06:08 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 06:08 pm IST

47 साल के कप्तान इमरान ताहिर की टीम गयाना अमेजन वारियर्स ने लगातार दूसरी बार ग्लोबल सुपर लीग (GSL) का खिताब जीत लिया है। फाइनल मैच में गयाना ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के सामने सिर्फ 86 रनों का टारगेट रखा था।

GSL 2026 Champions- India TV Hindi
GSL 2026 चैंपियंस Image Source : X@GSLT20

ग्लोबल सुपर लीग (GSL) 2026 के फाइनल मैच में गयाना अमेजन वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गयाना की पूरी टीम सिर्फ 85 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। लेकिन इसके बावजूद, गयाना के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को 79 रनों पर ही समेट दिया और 6 रनों से रोमांचक जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही गयाना की टीम लगातार दूसरी बार GSL की ट्रॉफी अपने नाम करने में कामयाब रही। टी20 क्रिकेट के इतिहास में किसी भी फाइनल मैच में डिफेंड किया गया यह अब तक का सबसे छोटा स्कोर है। इस मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 164 रन बनाए, जो किसी भी टी20 फ्रेंचाइजी लीग के फाइनल का सबसे छोटा अग्रीगेट स्कोर है।

गयाना अमेजन वारियर्स के बल्लेबाजों ने टेके घुटने

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गयाना अमेजन वारियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पीटर सिडल की तेज गेंदबाजी के सामने सिर्फ 25 रन के स्कोर पर ही आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद देखते ही देखते 29 रन पर ही गयाना की टीम 8 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से टीम के लिए 50 का स्कोर पार कर पाना भी मुश्किल लग रहा था। लेकिन इसके बाद ड्वेन प्रिटोरियस और 10वें नंबर पर आए बल्लेबाज मैथ्यू फोर्ड ने सूझबूझ दिखाई और 41 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसी साझेदारी की बदौलत गयाना की टीम किसी तरह 85 रन के स्कोर तक पहुंच पाई। अनिरुद्ध इमैनुएल ने शानदार स्पिन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में केवल 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए। पीटर सिडल ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की शुरुआत भी रही बेहद खराब

86 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की शुरुआत भी खराब रही। ड्वेन प्रिटोरियस और गुडाकेश मोती ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए शुरुआती 3 ओवरों में ही 28 के स्कोर पर उनके 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद ओलिवर पीक ने 28 गेंदों पर 31 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचाया। लेकिन फिर मोहम्मद नबी और 47 साल के कप्तान इमरान ताहिर ने अपनी शानदार स्पिन बॉलिंग से मैच का रुख बदल दिया। दोनों गेंदबाजों ने 2-2 विकेट लेकर सैन फ्रांसिस्को को जीत से दूर कर दिया।

शिमरन हेटमायर ने रनआउट करके दिलाई टीम को जीत

अंत में सैन फ्रांसिस्को को जीत के लिए सिर्फ 10 गेंदों में 7 रनों की जरूरत थी और उनके 9 बल्लेबाज आउट हो चुके थे। तभी कॉलमा स्टोव ने मैथ्यू फोर्ड की गेंद पर मिड-ऑफ की तरफ शॉट खेलकर तेजी से रन चुराने का प्रयास किया। लेकिन वहां तैनात शिमरन हेटमायर ने फुर्ती दिखाते हुए बेहतरीन थ्रो करके बल्लेबाज को रनआउट कर दिया। इस शानदार रनआउट के साथ ही सैन फ्रांसिस्को की पूरी टीम 79 रनों पर ऑलआउट हो गई और गयाना ने पिछले तीन सीजन में अपना दूसरा GSL का खिताब जीत लिया।

यह भी पढ़ें

श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, जसप्रीत बुमराह टेस्ट सीरीज से बाहर

अभिषेक शर्मा ने बल्ले से बरपाया कहर, 91 गेंदों में 25 छक्कों की मदद से ठोक दिए 233 रन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल