वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने वाली है। ये टूर्नामेंट इस बार इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया को ग्रुप ए में रखा गया है, जिसे ग्रुप ऑफ डेथ भी कहा जा रहा है। इस ग्रुप में टीम इंडिया के अलावा ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान को रखा गया है। खासकर साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के खिलाफ काफी अच्छा रहा है। ऐसे में टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जीतने के लिए ग्रुप स्टेज से ही दमदार प्रदर्शन करना होगा।
टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक ऑस्ट्रेलिया का रहा है दबदबा
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप में अब तक उनका दबदबा देखने को मिला है। टी20 वर्ल्ड कप के अब तक तक 9 संस्करण खेले जा चुके हैं जिसमें से छह बार ऑस्ट्रेलिया की टीम चैंपियन बनने में कामयाब रही है। वहीं टी20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड भी उतना अच्छा नहीं रहा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीमों के बीच अब तक 38 T20I मैच खेले गए हैं, जिसमें से 27 बार कंगारू टीम ने बाजी मारी है। वहीं टीम इंडिया सिर्फ 9 में जीत दर्ज करने में कामयाब रही है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में टीम इंडिया को एक मुश्किल चुनौती मिलने वाली है।
साउथ अफ्रीका का भी प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप में रहा है शानदार
साउथ अफ्रीका महिला टीम का रिकॉर्ड भी टी20 वर्ल्ड कप में शानदार रहा है। उनकी टीम पिछले टी20 वर्ल्ड कप के पिछले दो संस्करण में फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है। ऐसे में इस बार भी उनकी टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। टी20 इंटरनेशनल में अब तक भारत और साउथ अफ्रीका महिला टीमों के बीच अब तक 24 मैच खेले गए हैं और वहां लगभग बराबर की टक्कर देखने को मिली है। 24 में से साउथ अफ्रीका ने 10 में जीत दर्ज की है, वहीं 11 मुकाबलों में टीम इंडिया ने बाजी मारी है। वहीं तीन मुकाबलों का नतीजा नहीं आया है। ऐसे में भारतीय टीम को इस वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका से भी कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है है।
इन टीमों से भी होगा टीम इंडिया का सामना
इसके साथ ही, ग्रुप स्टेज के बाकी मैचों में भारतीय टीम का मुकाबला पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और बांग्लादेश से होगा। हालांकि, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीमों के मुकाबले इन टीमों को हराना भारत के लिए थोड़ा आसान माना जा सकता है, लेकिन टी20 क्रिकेट में कभी भी पासा पलट सकता है और कोई भी टीम उलटफेर कर सकती है। इसलिए भारतीय टीम को शुरुआत से ही बहुत अच्छा प्रदर्शन करना होगा, ताकि वे बिना किसी बड़ी मुश्किल के सेमीफाइनल और फाइनल तक पहुंच सकें।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया ने दर्ज की टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत, 8 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त