1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG: शुभमन गिल के शतक से लेकर मानव सुथार के 5 विकेट हॉल तक, मुल्लांपुर टेस्ट में बने ये बड़े रिकार्ड्स

IND vs AFG: शुभमन गिल के शतक से लेकर मानव सुथार के 5 विकेट हॉल तक, मुल्लांपुर टेस्ट में बने ये बड़े रिकार्ड्स

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 08, 2026 04:37 pm IST,  Updated : Jun 08, 2026 05:16 pm IST

IND vs AFG: भारत ने एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रनों के बड़े अंतर से हराया। ये टेस्ट मैच 3 दिन के अंदर ही खत्म हो गया और इस दौरान टीम इंडिया के प्लेयर्स ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

Manav Suthar & Shubman Gill- India TV Hindi
मानव सुथार & शुभमन गिल Image Source : AP

IND vs AFG Major Record Broken: मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रनों के बड़े अंतर से मात दी। इस मुकाबले में टीम इंडिया के प्लेयर्स ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन किया और कई बड़े रिकॉर्ड बना दिए। जहां एक तरफ भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपना दबदबा बनाया वहीं अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने भी इस मैच में टीम इंडिया को टक्कर देने की कोशिश की, लेकिन इसमें वो कामयाब नहीं हो सके। इस बीच हम आपको बताएंगे कि इस मुकाबले के दौरान कौन-कौन से बड़े रिकॉर्ड बने।

टीम इंडिया ने दर्ज की अपने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत

भारत ने इस मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों के बड़े अंतर से हराया। यह रनों के मामले में भारत की अब तक की सबसे बड़ी पारी की जीत है। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत साल 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ आई थी। उस मैच में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 272 रनों से हराया था। साल 2018 में भारत ने अफगानिस्तान को बेंगलुरु में पारी और 262 रनों के बड़े अंतर से हराया था। ये टीम इंडिया के लिए तीसरी सबसे बड़ी जीत है।

कप्तान बनने के बाद शुभमन गिल का बल्लेबाजी औसत रहा है शानदार

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाकर कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं। बैटिंग एवरेज के हिसाब से अब टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान कम से कम 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में गिल अब दूसरे सबसे बेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। कप्तान बनने के बाद से उनका बल्लेबाजी औसत 82.76 का रहा है, जो बेहद शानदार है। इस मामले में वे अब सिर्फ दुनिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन से पीछे हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान टेस्ट मैचों में 101.51 के बेहतरीन औसत से रन बनाए थे।

मानव सुथार ने डेब्यू टेस्ट में ही कर दिया कमाल

टीम इंडिया के लिए इस मैच में मानव सुथार ने डेब्यू किया और अपने पहले ही मैच में उन्होंने इतिहास रच दिया। पहली पारी में सुथार ने महज 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वे भारत के लिए अपने टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में साल 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 61 रन देकर 8 विकेट लेने वाले नरेंद्र हिरवानी आज भी पहले स्थान पर काबिज हैं।

मानव सुथार ने इस मैच में कुल 7 विकेट चटकाए। उन्होंने मैच की शुरुआत में ही एक अनोखा कारनामा कर दिखाया था। सुथार ने अपने टेस्ट करियर के पहले ही ओवर में विकेट चटकाया। इसके साथ ही वे टेस्ट डेब्यू के पहले ओवर में विकेट लेने वाले भारत के आठवें गेंदबाज बन गए। वहीं 25 साल के बाद किसी भारतीय गेंदबाज ने ये कारनामा किया है। इससे पहले साल 2001 में तेज गेंदबाज टीनू योहानन ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट के पहले ही ओवर में सफलता हासिल की थी।

ऋषभ पंत और शुभमन गिल के बीच हुई रिकॉर्ड साझेदारी 

मैच के दूसरे दिन भारतीय पारी के दौरान शुभमन गिल और ऋषभ पंत की जोड़ी ने अफगानी गेंदबाजों के धागे खोल दिए। इन दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 169 रनों की रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप की। यह साझेदारी अब टेस्ट क्रिकेट में अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए भारत की ओर से की गई सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई है। इस ऐतिहासिक साझेदारी की बदौलत ही भारत मैच में एक विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रहा और अंत में टीम इंडिया को एक बड़ी जीत भी मिली।

रहमत शाह ने पूरे किए 1000 टेस्ट रन

इस मैच में अफगानिस्तान के बल्लेबाज रहमत शाह ने भी एक रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने इस मैच में अपने 1000 टेस्ट रन पूरे किए और ऐसा करने वाले वह अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 12 टेस्ट मैचों में ही अपने एक हजार रन पूरे कर लिए। उनसे पहले कोई भी अफगानी बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को नहीं बना पाया था।

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया ने दर्ज की टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत, 8 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त

मानव सुथार पहले ही मुकाबले में बने प्लेयर ऑफ द मैच, टेस्ट डेब्यू में ही रच दिया इतिहास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल