IPL 2025 में 24 मई को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी पंजाब किंग्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 206 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 207 रनों का लक्ष्य 3 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ IPL 2025 का समापन किया।
दिल्ली की जीत में धाकड़ बल्लेबाज समीर रिजवी का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 25 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्कों की बदौलत 58 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स 14 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद लौटे। स्टब्स ने भले ही बल्ले से 18 रनों का योगदान दिया लेकिन IPL में बतौर विकेटकीपर बड़ा कारनामा कर दिखाया। स्टब्स ने विकेट के पीछे पंजाब के 3 बल्लेबाजों का कैच लपका जबकि एक बल्लेबाज को स्टंप आउट किया।
आपको जानकर हैरानी होगी कि ट्रिस्टन IPL में पहली बार विकेटकीपिंग करने उतरे और पंजाब के चार बल्लेबाजों का शिकार करते हुए एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। स्टब्स दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक ही मैच में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए। उन्होंने इस मामले में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स IPL 2024 से दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। पिछले सीजन उन्होंने 14 मैचों की 13 पारियों में 378 रन बनाए थे। वहीं, इस सीजन 50 के औसत और 150 के स्ट्राइक रेट से 14 मैचों की 13 पारियों में 300 रन बनाने में कामयाब रहे। हालांकि, उनकी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। IPL में अब तक उनके बल्ले से 705 रन आ चुके हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। T20 क्रिकेट में स्टब्स 136 मैचों में 2800 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
संपादक की पसंद