इंडियन प्रीमियर लीग के किसी एक सीजन में किसी भी खिलाड़ी ने इतने रिकॉर्ड को चकनाचूर नहीं किया था जितना 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के सीजन में किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की अपनी पारी में कुल 12 छक्के लगा दिए, जिसके दम पर वह कई ऑल रिकॉर्ड्स को एक झटके में तोड़ने में कामयाब हो गए। वहीं अब क्वालीफायर-2 मैच में वैभव सूर्यवंशी के फॉर्म को देखते हुए उनके सामने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका रहने वाला है।
वैभव के पास आईपीएल में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का मौका
आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-2 मुकाबला 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर के स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच में खेला जाएगा। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के पास क्रिस गेल के आईपीएल में सबसे कम पारियों में 100 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने का शानदार मौका रहने वाला है। गेल ने आईपीएल में 100 छक्के 37 पारियों में पूरे किए थे। वहीं वैभव सूर्यवंशी को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अब तक आईपीएल में कुल 22 मैचों की 22 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए जहां 42.36 के औसत से 932 रन बनाए हैं तो वहीं वह 89 छक्के भी जड़ चुके हैं। ऐसे में वैभव यदि गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 मैच में 11 छक्के और लगाने में कामयाब होते हैं तो वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम पारियों में छक्कों का शतक पूरा करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
आंद्रे रसेल को भी पीछे छोड़ने का मौका
क्रिस गेल के रिकॉर्ड के अलावा वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल में 100 छक्के सबसे कम गेंदों में पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करने का मौका रहने वाला है। आंद्रे रसेल जिनकी गिनती बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है उनके नाम आईपीएल में सिर्फ 657 गेंदों में छक्कों का शतक पूरा करने का कीर्तिमान दर्ज है। वहीं वैभव सूर्यवंशी को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अब तक 402 गेंदों का सामना किया है। वहीं वैभव यदि इस मैच में 68 रन बनाने में कामयाब होते हैं तो वह आईपीएल में अपने 1000 रन पूरे कर लेंगे जिसमें वह संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बनेंगे। आईपीएल में सबसे कम पारियों में 1000 रनों का आंकड़ा पूरा करने का रिकॉर्ड शॉन मार्श के नाम पर है जिसमें उन्होंने सिर्फ 21 पारियों में ये कारनामा किया था।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी निकल गए बहुत आगे, आजू- बाजू भी नहीं कोई बल्लेबाज
हेनरिक क्लासेन ने ठोक दिए इतने रन, 23 करोड़ी खिलाड़ी ने चुकाया काव्या मारन का बदला