1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी गई बेकार, आखिरी ओवर में इंग्लैंड को मिली रोमांचक जीत

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी गई बेकार, आखिरी ओवर में इंग्लैंड को मिली रोमांचक जीत

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 01, 2025 06:54 am IST,  Updated : Jul 01, 2025 07:05 am IST

इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने दूसरे यूथ वनडे मैच में भारतीय अंडर-19 टीम को एक विकेट से मात दी। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेली।

Vaibhav Suryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : GETTY

भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम के साथ-साथ इंडिया अंडर-19 की टीम भी इस वक्त इंग्लैंड दौरे पर है। सीनियर टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, तो वहीं अंडर-19 टीम पांच मैचों की यूथ वनडे सीरीज खेलने में व्यस्त है। अंडर-19 टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे के हाथों में है। यूथ वनडे सीरीज का दूसरा मैच नॉर्थम्पटन के काउंटी ग्राउंड पर खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले को इंग्लैंड ने 1 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही पांच मैचों की ये सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर पहुंच चुकी है। पहले वनडे मैच में तूफानी पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे मुकाबले में भी अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन इस बार वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर खेली तूफानी पारी

मुकाबले की बात करें तो इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित हुआ। पारी की पहली ही गेंद पर भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे ए एम फिंच की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। कप्तान के आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने विहान मल्होत्रा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए, लेकिन वो अर्धशतक पूरा करने में कामयाब नहीं हो सके। सूर्यवंशी ने पांच चौके और 3 छक्के की मदद से 34 गेंदों में 45 रन की शानदार पारी खेली। वहीं विहान मल्होत्रा 68 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हुए। मिडिल ऑर्डर में राहुल कुमार ने 47 रन बनाए, कनिष्क चौहान ने भी 45 रन का योगदान दिया। अंत में भारतीय टीम 49 ओवर में 290 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

इंग्लैंड के कप्तान ने लगाया शानदार शतक

291 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। सिर्फ 7 के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा, जब सलामी बल्लेबाज बेन डॉकिन्स 7 रन बनाकर युद्धजीत गुहा की गेंद पर कैच आउट हुए। देखते ही देखते 47 के स्कोर तक टीम के टॉप-3 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसा लग रहा था कि यहां से टीम इंडिया इस मैच को आसानी से जीत लेगी। लेकिन इसके बाद नंबर 5 पर बैटिंग करने आए इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने शतक लगाकर इंग्लैंड की मैच में वापसी करवाई। उन्होंने 89 गेंदों पर 131 रनों की पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद एक बार फिर इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई। 279 के स्कोर पर टीम के 9 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। लेकिन आखिरी ओवर में इंग्लैंड ने 7 रन बनाकर इस मुकाबले में एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। भारत की तरफ से आरएस अम्ब्रीश ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल