आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप का आगाज 15 जनवरी से होगा, जिसमें इस बार टूर्नामेंट जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। भारत, ऑस्ट्रेलिया सहित कुल 16 टीमें अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेलते हुए दिखाई देंगी, जिसमें सभी को चार-चार के 4 अलग ग्रुप में बांटा गया है। टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले ही कुछ खिलाड़ियों को लेकर अभी से चर्चा देखने को मिल रही है, जिनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। इसमें टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे का नाम शामिल होने के साथ तीन ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिनको भविष्य में सुपरस्टार प्लेयर के तौर पर देखा जा रहा है, ऐसे में हम आपको उन सभी 5 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
1 - वैभव सूर्यवंशी (भारत)
वर्ल्ड क्रिकेट में सिर्फ 14 साल की उम्र में अपने प्रदर्शन के दम पर सुर्खियां बटोरने वाले भारतीय अंडर-19 टीम के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर आगामी वर्ल्ड कप में सभी की नजरें रहने वाली हैं। वैभव ने साल 2025 के आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से डेब्यू किया था और उसके बाद उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में शतकीय पारी खेलने के साथ सभी को चौंका भी दिया। वैभव ने पिछले एक साल के अंदर अपने बल्ले के दम पर कई नए रिकॉर्ड यूथ क्रिकेट और लिस्ट-ए फॉर्मेट में बनाए हैं और आगामी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा नजरें उनपर ही सभी की रहने वाली हैं।
2 - आयुष म्हात्रे (भारत)
टीम इंडिया के लिए आगामी अंडर-19 वर्ल्ड कप में कप्तानी संभालने वाले आयुष म्हात्रे का पिछले कुछ महीनों में बल्ले से भले ही बेहतर प्रदर्शन देखने को नहीं मिला, लेकिन टीम ने उनके नेतृत्व में काफी शानदार खेल जरूर दिखाया है। आयुष ने भी आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से डेब्यू किया था और इसके अलावा उन्हें फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए क्रिकेट दोनों में खेलने का अनुभव हासिल है, ऐसे में आयुष आगामी मेगा इवेंट में किस तरह का प्रदर्शन करते हैं उसपर सभी की नजरें रहेंगी।
3 - आर्यन मान (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए जो अपनी स्क्वाड का ऐलान किया है उसमें उन्होंने भारतीय मूल के विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन मान को भी जगह दी है। आर्यन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नॉर्दन डिस्ट्रिक की तरफ से 2 मैचों में 41.66 के औसत से 125 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 2 अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं। वहीं आर्यन मान पिछले साल चेन्नई स्थित आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स की अकेडमी में ट्रेनिंग भी कर चुके हैं।
4 - समीर मिन्हास (पाकिस्तान)
पाकिस्तान की स्क्वाड का हिस्सा समीर मिन्हास ने पिछले महीने हुए अंडर-19 एशिया कप में बल्ले से जिस तरह का कमाल दिखाया था, उसकी चर्चा काफी देखने को मिली थी। मिन्हास ने इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में जहां भारत के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी, तो वहीं उन्होंने 5 मैचों में 157 के औसत से कुल 471 रन बनाए थे। मिन्हास का अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले हुए वॉर्मअप मैचों में भी काफी अच्छा फॉर्म देखने को मिला है जिसमें उन्होंने यूएसए के खिलाफ 74 रनों की शानदार पारी खेली है।
5 - ओलिवर पीक (ऑस्ट्रेलिया)
डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप में इस बार कप्तानी की जिम्मेदारी ओलिवर पीक संभाल रहे हैं, जो एक बॉलिंग ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। ओलिवर पीक को लेकर बात की जाए तो उन्होंने हाल में बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स को छक्का लगाकर दिलाई जीत के बाद काफी चर्चा बटोरी। ओलिवर पीक ने अब तक जहां 10 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं तो वहीं उन्होंने लिस्ट-ए में 6 और टी20 फॉर्मेट में 7 मुकाबले खेले हैं और सभी में उनके बल्ले का कमाल देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें
दो दिन में शुरू हो रहा है क्रिकेट वर्ल्ड कप, पहले ही मैच में नजर आएगी टीम इंडिया