Virat Kohli: रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया एक और आईसीसी खिताब जीतने के काफी करीब पहुंच चुकी है। दो मैच जीतते ही टीम इंडिया एक बार फिर से चैंपियंस ट्रॉफी की विजेता बन जाएगी। साथ ही आईसीसी खिताब तो भारत आ ही जाएगा। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी कुछ नए नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। अगर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराया तो फाइनल में एंट्री करते ही विराट कोहली युवराज सिंह को पीछे छोड़ने में भी कामयाब हो जाएंगे।
युवराज सिंह को पीछे छोड़ सकते हैं विराट कोहली
दरअसल विराट कोहली ने अभी ही अपना 300वां वनडे मुकाबला खेला है। जब टीम इंडिया न्यूजीलैंड से मैच खेल रही थी, तब कोहली का वो 300वां मैच था। अभी विराट कोहली से आगे कई भारतीय खिलाड़ी हैं, लेकिन उसमें सबसे करीब युवराज सिंह हैं। युवराज सिंह ने भारत के लिए 301 वनडे मुकाबले खेले हैं। यानी जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा तो कोहली युवराज सिंह की बराबरी कर लेंगे। साथ ही अगर टीम इंडिया ने फाइनल में एंट्री कर ली तो फाइनल उनका 302वां मैच होगा और कोहली युवराज सिंह को पीछे करने में कामयाब हो जाएंगे।
विराट कोहली और युवराज सिंह के आंकड़े
विराट कोहली आज की तारीख में भले ही मैचों के मामले में युवराज सिंह से पीछे हों, लेकिन अगर आंकड़ों की बात करें तो कोहली काफी आगे हैं। विराट कोहली ने अब तक 300 वनडे मैच खेलकर 14096 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 51 शतक लगाए हैं। उनका औसत 58 का है। वहीं अगर युवराज सिंह की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 301 वनडे मैच खेलकर 8609 रन बनाए हैं। युवराज सिंह के नाम इस फॉर्मेट में 14 शतक हैं। उनका औसत 36.47 का है।
एक ही साल के अंतराल पर आ सकती है एक और आईसीसी ट्रॉफी
भारत ने हाल ही में साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टी20 वर्ल्डकप का खिताब अपने नाम किया था और लंबे समय से चले आ रहे आईसीसी खिताब का सूखा भी खत्म किया था। अब रोहित के पास मौका है कि वे एक और आईसीसी ट्रॉफी जीतकर वापस घर आएं। हालांकि ये काम आसान तो नहीं है, लेकिन भारतीय टीम इस वक्त जिस तरह का प्रदर्शन कर रही है, अगर वो सिलसिला जारी रहा तो ऐसा हो भी सकता है।
यह भी पढ़ें
कहां खेला जाएगा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल, ICC अब तक क्यों नहीं ले पाया फैसला