1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली के पास साल 2026 में ये तीन मुकाम हासिल करने का मौका, इस मामले में बन सकते हैं पहले खिलाड़ी

विराट कोहली के पास साल 2026 में ये तीन मुकाम हासिल करने का मौका, इस मामले में बन सकते हैं पहले खिलाड़ी

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jan 02, 2026 11:16 am IST,  Updated : Jan 02, 2026 11:16 am IST

भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने साल 2025 का इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी धमाकेदार अंदाज में अंत किया था, तो वहीं अब उनके पास साल 2026 में तीन बड़ी उपलब्धियों को हासिल करने का मौका रहेगा।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : PTI

भारतीय टीम के खिलाड़ियों का अभी ध्यान जहां साल 2026 की शुरुआत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर है तो उसके बाद टीम इंडिया साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुट जाएगी। वहीं इस साल टीम इंडिया को कई द्विपक्षीय वनडे सीरीज भी खेलनी है, जिसमें सभी का ध्यान एकबार फिर से विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहने वाला है। साल 2025 विराट कोहली का वनडे में जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने कई नए रिकॉर्ड भी बनाए वहीं उनके पास साल 2026 में तीन बड़ी उपलब्धियों को हासिल करने का मौका होगा जिसमें 2 इंटरनेशनल क्रिकेट की उपलब्धि शामिल है।

1 - वनडे में 15000 रन पूरे करने से सिर्फ 443 रन दूर

इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक सिर्फ सचिन तेंदुलकर एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो वनडे में 15000 रनों का आंकड़ा हासिल करने में कामयाब हो सके हैं। सचिन ने अपने वनडे करियर के दौरान कुल 452 मुकाबले खेले जिसमें वह 18426 रन बनाने में कामयाब रहे। वहीं अब विराट कोहली के पास इस मामले में दूसरा खिलाड़ी बनने का मौका है, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 443 रन और बनाने होंगे। विराट कोहली ने अब तक 296 वनडे पारियों में 14557 रन बनाए हैं। ऐसे में साल 2026 में होने वाली वनडे सीरीज को ध्यान में रखते हुए कोहली के लिए इस उपलब्धि को हासिल करना अधिक कठिन काम नहीं होगा।

2 - इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचने का मौका

विराट कोहली का इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला है। टी20 और टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद कोहली अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में अपना पूरा ध्यान लगा रहे हैं। विराट कोहली के पास साल 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंचने का मौका होगा, जिसमें वह श्रीलंका टीम के पूर्व खिलाड़ी कुमार संगकारा को पीछे छोड़ सकते हैं। विराट कोहली के नाम अब तक 27675 रन इंटरनेशनल क्रिकेट में दर्ज हैं, जिसमें उन्हें कुमार संगकारा को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 42 रन और बनाने हैं और ये मुकाम वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में हासिल कर सकते हैं।

3 - आईपीएल में 9000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बनने का मौका

इंटरनेशनल क्रिकेट के अलावा विराट कोहली के पास वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग इंडियन प्रीमियर लीग में भी एक बड़ा मुकाम हासिल करने का मौका आगामी 19वें सीजन में रहेगा। कोहली अभी तक जहां आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हैं तो वहीं उन्हें इस टी20 लीग में अपने 9000 रनों का आंकड़ा पूरा करने के लिए सिर्फ 339 रन और बनाने हैं। कोहली ऐसा करते ही आईपीएल इतिहास में 9000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक विराट कोहली आईपीएल में 259 पारियों में 8661 रन बनाने में कामयाब हो सके हैं।

ये भी पढ़ें

साल 2026 शुरू होते ही इस खिलाड़ी ने किया रिटायरमेंट का ऐलान, कहा - भाग्यशाली हूं कि मैंने इतने मैच खेले

विराट कोहली तोड़ देंगे सचिन तेंदुलकर का एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड, जनवरी में ही बन जाएंगे नंबर वन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल