1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे एशिया कप में 9 साल बाद खेलेंगे विराट, निशाने पर बेहतरीन रिकॉर्ड; रोहित शर्मा काफी पीछे

वनडे एशिया कप में 9 साल बाद खेलेंगे विराट, निशाने पर बेहतरीन रिकॉर्ड; रोहित शर्मा काफी पीछे

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Aug 29, 2023 09:56 am IST,  Updated : Aug 29, 2023 09:56 am IST

विराट कोहली ने वनडे एशिया कप में 613 और टी20 एशिया कप में 429 रन बनाए हैं। वह आखिरी बार 2014 में वनडे एशिया कप खेले थे।

Virat kohli- India TV Hindi
विराट कोहली खेलेंगे चौथा वनडे एशिया कप Image Source : GETTY

विराट कोहली ने वनडे एशिया कप में तीन बार हिस्सा लिया है। वह 2010, 2012 और 2014 वनडे एशिया कप खेल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 2016 और 2022 टी20 एशिया कप में भी हिस्सा लिया है। उनके नाम इस टूर्नामेंट के इतिहास में कुल मिलाकर 1042  रन दर्ज हैं। साथ ही कुल चार शतक वह लगा चुके हैं। वहीं इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक सनथ जयसूर्या ने 6 शतक और कुमार संगकारा ने चार शतक लगाए हैं। यह दोनों सिर्फ वनडे एशिया कप ही खेले हैं। जबकि विराट कोहली ने 3 शतक वनडे एशिया कप और एक टी20 एशिया कप में लगाया है। अगर विराट आगामी टूर्नामेंट में 3 शतक लगा देते हैं तो वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। जबकि रोहित शर्मा के नाम दोनों फॉर्मेट मिलाकर एशिया कप में सिर्फ एक शतक ही दर्ज है।

9 साल बाद टूर्नामेंट में उतरेंगे विराट कोहली?

विराट कोहली 2018 एशिया कप में हिस्सा नहीं ले पाए थे। उनकी गैरमौजूदगी में रोहित शर्मा ने कप्तानी की थी और टीम इंडिया ने वो टूर्नामेंट जीता भी था। विराट आखिरी बार 2014 में वनडे एशिया कप खेले थे और 9 साल बाद उनकी इस टूर्नामेंट में वापसी होने जा रही है। इस एशिया कप में अगर सुपर 4 में टीम पहुंचती है तो कम से 5 मुकाबले तो खेलेगे ही। भारत के ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा नेपाल है। इसलिए ऐसे उम्मीद की जा रही है कि भारतीय टीम सुपर चार में पहुंच सकती है। विराट कोहली का इस साल फॉर्म भी अच्छा रहा है। उन्होंने दो शतक साल की शुरुआत में ही श्रीलंका के खिलाफ लगाए थे। इसके बाद आईपीएल 2023 में भी उनके बल्ले से बैक टू बैक दो शतक निकले। 

Virat Kohli
Image Source : GETTYVirat Kohli

एशिया कप में सबसे ज्यादा शतक 

  1. सनथ जयसूर्या- 6 शतक (सभी वनडे एशिया कप)
  2. कुमार संगाकारा- 4 शतक (सभी वनडे एशिया कप)
  3. विराट कोहली- 4 शतक (3 वनडे और एक टी20 एशिया कप)
  4. शोएब मलिक- 3 शतक (सभी वनडे एशिया कप)

विराट कोहली के आंकड़ों पर एक नजर

इंटरनेशनल क्रिकेट में 76 शतक लगा चुके विराट कोहली ने भारत के लिए 111 टेस्ट में 8676 रन, 275 वनडे में 12898 रन और 115 टी20 मैचों में 4008 रन बनाए हैं। वहीं एशिया कप की बात करें तो वनडे एशिया कप में उनके नाम 11 मैचों की 10 पारियों में 613 रन दर्ज हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 3 शतक और एक अर्धशतक लगाया है। अगर टी20 एशिया कप की बात करें तो इसमें विराट ने 10 मैचों की 9 पारियां खेली हैं और 429 रन बनाए हैं। इसमें उनके नाम एक शतक और 3 अर्धशतक दर्ज हैं। आगामी टूर्नामेंट में अगर वह 179 रन बना लेते हैं तो वह एशिया कप इतिहास के टॉप स्कोरर भी बन जाएंगे। अभी 1220 रनों के साथ सनथ जयसूर्या टॉप पर हैं। जबकि रोहित शर्मा के नाम 1016 रन हैं और वह भी जयसूर्या से 204 रन ही पीछे हैं।

यह भी पढ़ें:-

श्रेयस अय्यर की वापसी के बाद क्या होगा सूर्यकुमार यादव का रोल? एशिया कप से पहले SKY ने दिया बयान

Asia Cup 2023 Opening Ceremony: कब, कहां और कैसे देखें Live Streaming, जानें एशिया कप के बारे में सबकुछ

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल