Virat Kohli Insta Story: दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल 2026 में खेलने के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं। 19 मार्च को विराट लंदन से इंडिया पहुंचे और RCB टीम के साथ जुड़े। इस बीच आईपीएल 2026 का आगाज होने से पहले विराट कोहली को लेकर एक खबर मीडिया में काफी सुर्खियां बटोर रही थी। इस मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि विराट कोहली ने अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से लंदन से भारत आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की मांग की है। इस खबर पर अब विराट कोहली ने खुद बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दिया रिएक्शन
रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया था कि कोहली ने आरसीबी मैंनेजमेंट से चार्टर्ड फ्लाइट एक्सेस की मांग इसलिए भी की है, ताकि दो मैच के बीच में 3 दिन का गैप हो तो वह मैच के बाद लंदन चले जाएं और फिर अगले मैच से एक दिन पहले वापस उसी चार्टर्ड फ्लाइट से भारत आईपीएल खेलने के लिए आ सकें। हालांकि अब विराट कोहली ने खुद ही अब इन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है। विराट ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है। विराट कोहली ने उस पोस्ट पर इंस्टा स्टोरी के जरिए से रिएक्ट किया है जिस पर ऐसे दावे किए गए थे। विराट कोहली ने हंसने वाली इमोजी लगाकर इस अफवाह को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

विराट कोहली के पास आईपीएल 2026 में नया कीर्तिमान बनाने का मौका
विराट कोहली इन दिनो आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आरसीबी ने एक्स पर टीम के प्रैक्टिस सेशन की कई वीडियो शेयर किए हैं। इस वीडियो में विराट जमकर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। विराट कोहली के आईपीएल आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले गए 267 मैचों में 8 शतक और 63 फिफ्टी की मदद से 8,661 रन बनाए हैं। इस सीजन विराट 9000 आईपीएल रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीजन का पहला मैच खेलेगी।
विराट ने की थी RCB के प्लेयर्स से बात
विराट कोहली का एक वीडियो भी काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो प्रैक्टिस सेशन के दौरान RCB प्लेयर्स को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं। कोहली ने अपने साथियों से कहा कि हमने पिछले दो-तीन सीजन में बहुत कड़ी मेहनत की है, ताकि हम वह हासिल कर सकें जो हमने पिछले साल किया था और अब यह और भी मुश्किल होने वाला है, क्योंकि दूसरी टीमें भी हमारे खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी। अब देखना होगा कि आगामी सीजन में विराट का प्रदर्शन कैसा रहने वाला है।
यह भी पढ़ें