Virat Kohli on Sanju Samson: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बनी है। टीम इंडिया की इस जीत में सबसे अहम भूमिका इस टूर्नामेंट में संजू सैमसन ने निभाई। उन्होंने आखिरी के तीन मैच में लगातार तीन अर्धशतक लगाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला है। संजू के इस शानदार प्रदर्शन को देखकर विराट कोहली काफी खुश नजर आए। उन्होंने संजू सैमसन के लिए इंस्टाग्राम पर एक स्पेशल पोस्ट शेयर किया है।
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता था। इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने कुल 9 मैच खेले जिसमें से संजू को सिर्फ पांच मैचों में खेलने का मौका मिला। इन पांच मैचों में सैमसन ने 80.25 के औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उनके शानदार प्रदर्शन के बाद, कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक खास मैसेज के साथ सैमसन को बधाई दी और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का हकदार बताया।
कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि इस टी20 वर्ल्ड कप के सबसे हकदार मैन ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन के लिए यह टूर्नामेंट शानदार रहा। आपने उस वक्त अच्छा अच्छा प्रदर्शन किया जब आपको इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। आपके लिए बहुत खुश हूं, चेट्टा। विराट की ये इंस्टा स्टोरी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।

आपको बता दें कि सैमसन इस टूर्नामेंट की शुरुआत में टीम इंडिया की प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं थे। जब इस टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हुई उस वक्त सैमसन का फॉर्म अच्छा नहीं था। हालांकि, नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच में उन्हें टीम में शामिल किया गया क्योंकि अभिषेक शर्मा पेट में इंफेक्शन की वजह से उस मैच से बाहर थे। सैमसन ने उस मुकाबले में 8 गेंदों में 22 रन बनाए, लेकिन अभिषेक के ठीक होने के बाद उन्हें फिर से बाहर बैठना पड़ा। हालांकि, सैमसन को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे सुपर 8 मैच में प्लेइंग XI में वापस लाया गया क्योंकि उससे पहले भारत के बाएं हाथ के ओपनर्स अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पावरप्ले में ऑफ-स्पिनर्स के खिलाफ रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।
यह भी पढ़ें
हार्दिक पांड्या ने बताया, उनके पास कितने साल हैं बचे, जीतना चाहते हैं इतने आईसीसी खिताब
संपादक की पसंद