1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर कैसा रहा है प्रदर्शन? नहीं लगा पाए हैं एक भी फिफ्टी

विराट कोहली का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर कैसा रहा है प्रदर्शन? नहीं लगा पाए हैं एक भी फिफ्टी

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 18, 2026 05:39 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 06:07 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक विराट कोहली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज अभी 1-1 से बराबर है। दोनों टीमें आखिरी मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी। इस मैच में एक बार फिर सभी का ध्यान विराट कोहली और रोहित शर्मा पर होगा। लॉर्ड्स के इस मैदान पर रोहित का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है और वे वनडे में यहां कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। कुछ ऐसा ही हाल दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का भी है। विराट भी इस मैदान पर रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए हैं।

लॉर्ड्स में अब तक विराट ने खेले हैं 6 मैच

विराट कोहली ने लॉर्ड्स के मैदान पर अब तक वनडे और टेस्ट मैच मिलाकर कुल 6 मैच खेले हैं। इन मैचों की 9 पारियों में उन्होंने 22.66 के औसत से केवल 204 रन बनाए हैं। इस मैदान पर वह अब तक एक भी शतक या अर्धशतक नहीं बना सके हैं और उनका सबसे बड़ा स्कोर 45 रन रहा है। विराट कोहली अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर में लॉर्ड्स के मैदान पर एक भी T20I मैच नहीं खेल पाए हैं। आपको बता दें कि वह टेस्ट और टी20 मैचों से पहले ही संन्यास ले चुके हैं।

लॉर्ड्स में टेस्ट और ODI में कैसा है विराट का रिकॉर्ड?

विराट कोहली ने टेस्ट मैचों की 6 पारियों में 21 के औसत से कुल 127 रन बनाए हैं, जिसमें उनका हाईएस्ट स्कोर 42 रन रहा है। वहीं, वनडे मैचों में उन्होंने 25 की साधारण औसत से कुल 77 रन बनाए हैं और इस फॉर्मेट में उनका हाईएस्ट स्कोर 45 रन रहा है। लॉर्ड्स के मैदान पर उनका यह रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं दिख रहा है, इसलिए 19 जुलाई को होने वाले अगले मैच में कोहली यहां एक बड़ी और अच्छी पारी खेलना चाहेंगे।

तीसरे वनडे में विराट के पास इतिहास रचने का मौका

तीसरे वनडे मैच में विराट कोहली एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। इस सीरीज के पहले मैच में उन्होंने सिर्फ 5 रन बनाए थे, लेकिन दूसरे मैच में अच्छी वापसी करते हुए 65 रनों की पारी खेली। अब सीरीज के आखिरी मैच में अगर कोहली 133 रन और बना लेते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट में 15000 रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके साथ ही विराट वनडे में सबसे तेज 15 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन जाएंगे। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर ने यह मुकाम हासिल किया है। उनके नाम वनडे में 18426 रन दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें

इंग्लैंड की धरती पर विराट कोहली ने रचा इतिहास, राहुल द्रविड़ का कीर्तिमान किया ध्वस्त

रोहित शर्मा ने इंजमाम उल हक को पछाड़ा, 12 हजार वनडे रन के करीब पहुंचे हिटमैन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल