आईपीएल के 19वें सीजन में लीग स्टेज का 11वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बीच में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही है, जिसमें सभी की नजरें विराट कोहली के प्रदर्शन पर थी, जिन्होंने इस सीजन की शुरुआत काफी शानदार फॉर्म के साथ की थी। हालांकि कोहली सीएसके के खिलाफ मुकाबले में अपने बल्ले का कमाल दिखा पाने में कामयाब नहीं हो सके और वह 18 गेंदों में 28 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। इसके बावजूद विराट कोहली एक खास मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने में कामयाब रहे।
कोहली ने फिर से हासिल की नंबर-1 की कुर्सी
विराट कोहली का आईपीएल के अभी तक के इतिहास में लगभग सभी टीमों के खिलाफ बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें वह अब इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को अपने नाम करने में भी कामयाब हो गए हैं। कोहली के नाम पर ये रिकॉर्ड पहले भी था, लेकिन इस सीजन रोहित शर्मा ने केकेआर के खिलाफ मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ उन्हें पीछे छोड़ दिया था। अब कोहली ने सीएसके के खिलाफ मुकाबले में रोहित को फिर से पीछे छोड़ने के साथ नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है। विराट कोहली के नाम पर आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कुल 1188 रन दर्ज हैं। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर काबिज रोहित शर्मा के नाम पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1161 रन दर्ज हैं।
आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- विराट कोहली - 1188 रन बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
- रोहित शर्मा - 1161 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
- विराट कोहली - 1159 रन बनाम पंजाब किंग्स
- डेविड वॉर्नर - 1134 रन बनाम पंजाब किंग्स
- विराट कोहली - 1130 रन बनाम दिल्ली कैपिटल्स
- डेविड वॉर्नर - 1093 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
कोहली के पास इस सीजन बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में विराट कोहली ने अब तक 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह 97 रन बना चुके हैं। वहीं इस सीजन में कोहली के पास एक बड़ा कारनामा करने का मौका है, जिसमें वह आईपीएल में 9000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। अभी कोहली के नाम पर आईपीएल में कुल 8758 रन दर्ज हैं, जिसमें उन्हें 9000 रनों का आंकड़ा पूरा करने के लिए 242 रनों की और दरकार है।
ये भी पढ़ें
LSG ने गिरते-पड़ते जीता SRH के खिलाफ मैच, लेकिन 21 करोड़ वाले खिलाड़ी ने बढ़ाई टीम की टेंशन