1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चेतेश्वर पुजारा को विराट कोहली का सलाम, कहा- मेरा काम आसान करने के लिए शुक्रिया

चेतेश्वर पुजारा को विराट कोहली का सलाम, कहा- मेरा काम आसान करने के लिए शुक्रिया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Aug 26, 2025 11:24 pm IST,  Updated : Aug 26, 2025 11:24 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने हाल ही में संन्यास का ऐलान कर क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का समापन कर दिया।

Pujara and Kohli- India TV Hindi
चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली Image Source : GETTY

भारतीय टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने हाल ही में क्रिकेट से संन्यास लेकर एक लंबे अध्याय का अंत कर दिया। 24 अगस्त को उन्होंने आधिकारिक तौर पर खेल के सभी प्रारूपों से अलविदा कह दिया। उनका करियर 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू से शुरू हुआ था और 2023 में लंदन के ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल तक चला। दिलचस्प बात यह रही कि उनका पहला और आखिरी मैच दोनों ही कंगारुओं के खिलाफ रहा।

क्रिकेट जगत ने की पुजारा की तारीफ

पुजारा के रिटायरमेंट पर क्रिकेट जगत ने उन्हें खूब सराहा। साथी खिलाड़ियों और पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दी। इसी कड़ी में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बयान भी आया है। कोहली ने पुजारा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी क्रम में उनका काम आसान कर दिया। कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा – नंबर चार पर मेरा काम आसान बनाने के लिए शुक्रिया पुजारा। आपका करियर शानदार रहा। बधाई और भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। भगवान आपका भला करे।

विराट और पुजारा दोनों खिलाड़ियों की साझेदारी भारतीय क्रिकेट की बड़ी ताकत रही। कोहली और पुजारा ने साथ मिलकर 83 टेस्ट पारियों में 43.37 की औसत से 3513 रन बनाए। इस दौरान दोनों के बीच 7 शतकीय और 18 अर्धशतकीय साझेदारियां हुईं।

शानदार रहा करियर

पुजारा के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए 103 टेस्ट खेले और 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए। उनके नाम 19 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज हैं। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन और भी लाजवाब रहा। 278 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 21301 रन बनाए, जिसमें 66 शतक और 81 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 352 रन रहा। उनका औसत 51.82 का रहा। पुजारा से पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। हालांकि, दोनों खिलाड़ी अभी भी ODI क्रिकेट में एक्टिव हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल