1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टूटने वाला है सचिन तेंदुलकर का यह भयंकर रिकॉर्ड, विराट कोहली इतिहास रचने की दहलीज पर

टूटने वाला है सचिन तेंदुलकर का यह भयंकर रिकॉर्ड, विराट कोहली इतिहास रचने की दहलीज पर

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Jun 23, 2023 01:22 pm IST,  Updated : Jun 23, 2023 01:37 pm IST

वनडे इंटरनेशनल में सचिन तेंदुलकर 11 से 18 हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उनके बाद सिर्फ तीन खिलाड़ी ही 13 हजार रन तक पहुंच पाए थे।

Sachin Tendulkar, Virat Kohli- India TV Hindi
Sachin Tendulkar, Virat Kohli Image Source : GETTY

भारतीय क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने पूरे करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए जो आज भी अटूट हैं। मास्टर ब्लास्टर ने साल 2012 में अपना आखिरी वनडे मुकाबला खेला था। लेकिन आज 11 साल बाद भी उनके एक से बढ़कर एक भयंकर आंकड़े रिकॉर्ड बुक में अनछुए हैं। पर विराट कोहली जिन्हें मॉडर्न मास्टर के नाम से जाना जाता है अब अपने करियर के इस दौर में पहुंच गए हैं, जहां से उनकी हर एक पारी एक नया कीर्तिमान बना सकती है या फिर पुराना कीर्तिमान ध्वस्त कर सकती है। उन्हीं में से एक सचिन तेंदुलकर का ऐसा रिकॉर्ड है जो आज तक कोई भी नहीं तोड़ पाया लेकिन विराट कोहली उसे तोड़ने की दहलीज पर खड़े हैं।

भारतीय टीम 12 जुलाई से वेस्टइंडीज दौरे का आगाज करेगी। सीरीज का आगाज दो टेस्ट मैचों से होगा और उसके बाद तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे सीरीज के तीन मैच 27 जुलाई, 29 जुलाई और 1 अगस्त को होंगे। इस वनडे सीरीज में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली महान सचिन तेंदुलकर का ऐसा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं जो 19 साल से नहीं टूटा है। खास बात यह है कि ऐसा सचिन के अलावा दुनिया के सिर्फ तीन बल्लेबाजों ने किया और यह तीनों दिग्गज सचिन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। पर अब विराट कोहली वो रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर हैं।

Virat Kohli, Sachin Tendulkar
Image Source : PTIसचिन तेंदुलकर और विराट कोहली आईपीएल के दौरान हंसी-मजाक करते हुए

वेस्टइंडीज में इतिहास रचने की दहलीज पर विराट

आइए पहले जानते हैं कि वो रिकॉर्ड क्या है। दरअसल सचिन तेंदुलकर ने साल 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में खेले जा रहे वनडे मैच में अपने 13 हजार रन पूरे किए थे। उन्होंने 321 पारियों में ऐसा किया था और वह वनडे क्रिकेट में ऐसा करने वाले इकलौते खिलाड़ी थी। उनके बाद रिकी पोंटिंग, सनथ जयसूर्या और कुमार संगकारा ने भी ऐसा किया। सचिन तेंदुलकर ने 321 पारियों में यह उपलब्धि दर्ज की थी लेकिन उनके बाद पोंटिंग, संगा और जयसूर्या ने इससे ज्यादा पारियां खेलकर13 हजार वनडे रन बनाए थे। पर अब विराट कोहली सचिन का वो रिकॉर्ड तोड़ने के करीब हैं।

वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 13 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी

  1. सचिन तेंदुलकर- 321 पारी
  2. रिकी पोंटिंग- 341 पारी
  3. कुमार संगकारा- 363 पारी
  4. सनथ जयसूर्या- 416 पारी

Virat Kohli
Image Source : GETTYVirat Kohli

इतिहास रचने से 102 रन दूर विराट कोहली

अब अगर विराट कोहली की बात करें तो अभी तक उन्होंने 274 वनडे मैच खेलते हुए 265 पारियों में कुल 12898 रन बना लिए हैं। आगामी वेस्टइंडीज सीरीज में वह तीन वनडे खेलेंगे। उसके बाद एशिया कप और फिर वनडे वर्ल्ड कप। यानी वह इतना आगे हैं कि अगर पूरे साल वह फ्लॉप भी रहे तो यह रिकॉर्ड आसानी से तोड़ देंगे। लेकिन उनका जो हालिया फॉर्म आईपीएल और व्हाइट बॉल इंटरनेशनल क्रिकेट में रहा है उसे देखते हुए लगता है कि वेस्टइंडीज सीरीज में ही मॉडर्न मास्टर मास्टर ब्लास्टर का रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे। वह ऐसा करने से मात्र 102 रन दूर हैं और उन्होंने सचिन से अभी 55 पारियां कम खेली हैं।

यह भी पढ़ें:-

'भारत की पॉलिसी निराशाजनक...', ODI वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने पर पाकिस्तान सरकार का बयान

वेस्टइंडीज दौरे पर रोहित शर्मा बनाएंगे वर्ल्ड रिकॉर्ड! जानें कैसे दुनिया के सरताज बनेंगे हिटमैन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल