Jitesh Sharma on Virat Kohli: स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने आईपीएल में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उसमें से एक रिकॉर्ड है आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का। ये रिकॉर्ड भी विराट के नाम ही है। विराट ने 2016 वाले सीजन में RCB के लिए खेलते हुए 973 रन बनाए थे। उनका ये रिकॉर्ड अभी तक कोई नहीं तोड़ पाया है। लेकिन आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एक खिलाड़ी ने बड़ी भविष्यवाणी की है। वो खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि जितेश शर्मा हैं। जितेश ने बताया है कि इस सीजन कौन विराट के 973 रन वाले रिकॉर्ड को तोड़ सकता है।
जितेश शर्मा ने विराट कोहली को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
जितेश शर्मा का मानना है कि विराट कोहली इस सीजन अपने ही 973 रन के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। आईपीएल 2016 में कोहली ने 16 मैचों में 973 रन बनाए थे, जो अब तक किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा रन हैं। जितेश ने हाल ही में यट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि कोहली जिस तरह नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह बेहद शानदार है। उन्होंने कहा कि बस बैट से ठक-ठक की आवाज आ रही है, जिससे साफ है कि कोहली बेहतरीन टच में हैं।
जितेश ने विराट को इस सीजन ऑरेंज कैप का सबसे बड़ा दावेदार बताया है। जितेश शर्मा ने कहा कि विराट कोहली इस सीजन ऑरेंज कैप जीत सकते हैं, इसमें कोई शक नहीं। मुझे लगता है कि वह इस साल 973 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। जिस तरह वह हाल में भारत के लिए खेल रहे हैं और नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं, बस बैट से ठक-ठक की आवाज आ रही है। वह शानदार टच में लग रहे हैं। विराट और जितेश ने पिछले सीजन में RCB को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
शानदार फॉर्म में हैं विराट कोहली
कोहली का हालिया फॉर्म भी शानदार है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार दो बार डक पर आउट होने के बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की है। पिछले 9 मैचों में उन्होंने 4 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं, जिससे उनका कॉन्फिडेंस काफी हाई नजर आ रहा है। पिछले आईपीएल सीजन में भी कोहली RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 15 पारियों में 657 रन बनाए थे और 8 अर्धशतक लगाए थे। इस दौरान उनका औसत 54.75 और स्ट्राइक रेट 144.71 रहा था।
RCB और SRH के बीच होगा IPL का पहला मैच
IPL 2026 के ओपनिंग मैच में RCB अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी। ऐसे में सभी की नजरें विराट कोहली पर होंगी कि क्या वह इस बार अपने ही ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ पाते हैं या नहीं। इस सीजन जाहिर तौर पर विराट बल्ले से शानदार प्रदर्शन करके RCB को टाइटल डिफेंड करने में अहम भूमिका निभाना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें:
साल 2002 के बाद पहली बार भारत का दौरा करेगी टीम, खेले जाएंगे 3 मुकाबले
ODI World Cup 2027 से पहले टीम इंडिया कितने वनडे मैच खेलेगी, BCCI ने जारी कर दिया पूरा शेड्यूल