1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. BAN vs WI: बांग्लादेश को घर में मिली करारी शिकस्त, वेस्टइंडीज ने जीत ली T20I सीरीज

BAN vs WI: बांग्लादेश को घर में मिली करारी शिकस्त, वेस्टइंडीज ने जीत ली T20I सीरीज

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 30, 2025 08:07 am IST,  Updated : Oct 30, 2025 08:07 am IST

वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को धूल चटाते हुए 3 मैचों की T20I सीरीज पर कब्जा कर लिया है। वेस्टइंडीज ने दूसरे T20I में 14 रनों से जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरा मुकाबला अपने नाम किया।

windies cricket- India TV Hindi
वेस्टइंडीज क्रिकेट Image Source : @WINDIESCRICKET

BAN vs WI: वेस्टइंडीज ने चटगांव में खेले गए दूसरे T20I मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 14 रन से हराया और T20I सीरीज अपने नाम कर ली। 3 मैचों की T20I सीरीज में वेस्टइंडीज ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।  टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 149 रन बनाए। टीम की पारी की सबसे बड़ी मजबूती रही एलिक अथांजे और कप्तान शाई होप की बेहतरीन साझेदारी।

एलिक अथांजे ने 33 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। टीम के धाकड़ बल्लेबाज शे होप ने कप्तानी पारी खेलते हुए 36 गेंदों पर 55 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 105 रन की अहम साझेदारी हुई जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में रोस्टन चेज (17) और रोमारियो शेफर्ड (13) ने टीम के स्कोर को 149 तक पहुंचाया।

बांग्लादेश के गेंदबाजों में मुस्तफिजुर रहमान सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए। नसूम अहमद और रिशाद हुसैन ने 2-2 विकेट झटके, जबकि तस्किन अहमद ने एक विकेट हासिल किया।

शेफर्ड और होल्डर ने पलटा मैच

150 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज सैफ हसन सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दूसरे ओपनर तंजीद हसन ने शानदार अर्धशतक जड़ा और 48 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। कप्तान लिटन दास (23), तौहिद हृदोय (13) और जाकेर अली (17) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।

बांग्लादेश की बल्लेबाजी रही खराब

आखिरी 8 ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए 65 रन चाहिए थे और उसके पास 7 विकेट थे, लेकिन यहां से वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने गजब की वापसी की। मेजबान टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 135 रन ही बना सकी और मुकाबला 14 रन से हार गई। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों में रोमारियो शेफर्ड और अकील होसेन ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमारियो शेफर्ड ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। रोमारियो शेफर्ड को इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। वहीं, अकील होसेन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। जेसन होल्डर के हाथ 2 विकेट लगे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल