West Indies vs Pakistan ODI Series: इस वक्त सभी की नजर पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज पर है। वैसे तो पाकिस्तानी टीम काफी घटिया खेल दिखा रही है, लेकिन इसके बाद भी टीम ने दो में से एक मैच अपने नाम कर लिया है। लेकिन अब अगर जरा सी भी चूक हुई तो पाकिस्तान की भयंकर बेइज्जती होगी। टीम की कमान मोहम्मद रिजवान के हाथ में हैं, ऐसे में देखना होगा कि क्या रिजवान पाकिस्तान को शर्मसार होने से बचा पाएंगे।
12 अगस्त को खेला जाएगा सीरीज का तीसरा मुकाबला
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच जारी सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 12 अगस्त को खेला जाएगा। सीरीज अभी बराबरी पर है, यानी जो भी टीम आखिरी मैच जीतेगी, वो सीरीज अपने नाम कर लेगी। इस बीच आपको जानकर ताज्जुब होगा कि साल 1990-91 के बाद से लेकर अब तक जब भी दोनों टीमें आपस में भिड़ी हैं तो या तो सीरीज बराबर रही है या फिर पाकिस्तानी टीम जीतने में कामयाब रही है। वेस्टइंडीज ने आखिरी वनडे सीरीज पाकिस्तान के खिलाफ उसी साल जीती थी।
34 साल बाद पाकिस्तान को खानी पड़ सकती है मुंह की
अब अगर अगला मैच वेस्टइंडीज की टीम जीत जाती है और सीरीज अपने नाम करती है तो साल 1990-91 के बाद ये पहली बार होगा कि पाकिस्तानी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज हारेगी। क्या मोहम्मद रिजवान इस शर्मनाक बात से अपनी टीम को बचा पाएंगे, ये कहना अभी मुश्किल है। खुद रिजवान के बल्ले से तो रन बन नहीं रहे हैं, साथ ही पूर्व कप्तान बाबर आजम आजम भी एक एक रन बनाने के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान का क्या होगा, ये आने वाला वक्त ही बताएगा।
वेस्टइंडीज की टीम भी कर रही है खराब प्रदर्शन
पाकिस्तानी टीम तो लचर प्रदर्शन कर ही रही है, साथ ही वेस्टइंडीज के भी हाल कुछ खास अच्छे हैं नहीं। यानी कौन सी टीम मजबूत है और कौन सी टीम कमजोर इसका अंदाजा लगाना कठिन है। हार जीत इस बात पर निर्भर करेगी कि उस दिन कौन सी टीम अच्छे खेल का प्रदर्शन करती है। मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम सात बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम का कोई मैच अभी है नहीं, इसलिए भारतीय फैंस को भी इस मुकाबले में दिलचस्पी है।