West Indies vs Pakistan ODI: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम और अभी के वनडे कप्तान मोहम्मद रिजवान की अब असली परीक्षा होने वाली है। दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट टीम फिर से वनडे के लिए मैदान में उतरने वाली है। बाबर और रिजवान किसी वक्त पाकिस्तान की टी20 टीम के अहम सदस्य हुआ करते थे, लेकिन अब उनकी जगह वहां नहीं है। अगर इन दोनों को टी20 इंटरनेशनल के लिए अपनी टीम में जगह बनानी है तो इस वनडे सीरीज में रन बनाने होंगे। नहीं तो एशिया कप को तो छोड़ ही दीजिए, टी20 वर्ल्ड कप में भी इन दोनों की जगह बननी मुश्किल हो जाएगी।
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अब मैदान में उतरेगी टीम इंडिया
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है। तीन मैचों की टी20 सीरीज खत्म हो चुकी है और अब वनडे सीरीज की बारी है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तानी टीम पहली बार वनडे क्रिकेट के लिए मैदान में उतरेगी। वैसे तो पूरी टीम ही कैसा खेलती है, ये देखा जाएगा, लेकिन सभी की नजर बाबर आजम और कप्तान मोहम्मद रिजवान पर होगी। दोनों अपनी जगह टी20 इंटरनेशनल में खो चुके हैं। टीम के नए कोच माइक हेसन ने कहा भी था कि दोनों का स्ट्राइक रेट टी20 में अच्छा नहीं है। यानी अब जब वनडे सीरीज में ये दोनों खिलाड़ी उतरेंगे तो उन्हें ना केवल रन बनाने होंगे, बल्कि तेजी से रन बनाने होंगे, जो इन दोनों के लिए कोई आसान काम नहीं है।
वनडे सीरीज में तेजी से बनाने होंगे बाबर और रिजवान को रन
पीसीबी यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बहुत सारे ऐसे खिलाड़ी इस टीम में शामिल कर रखे हैं, जो तेजी से बल्लेबाजी के लिए जाने और पहचाने जाते हैं। अब बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को एक तरह से उन्हीं से मोर्चा लेना होगा। इसमें कोई शक नहीं कि बाबर आजम और रिजवान रन बना लेंगे, केवल इतने भर से काम नहीं होगा। तेजी से रन बनाना पहली शर्त होगी, तभी वे टी20 में वापसी कर पाएंगे।
एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का सपना भी रह सकता है अधूरा
अगले महीने यानी सितंबर में ही एशिया कप होगा, जो इस बार टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। इसके लिए अभी टीम का ऐलान तो नहीं किया गया है, लेकिन इसी महीने के आखिरी टीम की घोषणा कर दी जाएगी। अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में बाबर और रिजवान ने तेजी से रन नहीं बनाए और केवल अपने लिए खेलते हुए दिखाई दिए तो फिर उनका पत्ता वहां से साफ ही समझा जाना चाहिए। साथ ही अगले साल की शुरुआत में जब टी20 वर्ल्ड कप होगा, उस वक्त भी उनका टीम में रखे जाने का कोई मतलब नहीं है। अब देखना होगा कि क्या बाबर आजम और रिजवान तेजी से रन बना पाते हैं या फिर इस मिले मौके को यूं ही जाया कर देते हैं।
वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम: मोहम्मद रिजवान (कप्तान), सलमान अली आगा (उप-कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, सुफियान मुकीम।