भारत और जिम्बाब्वे के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला हरारे के मैदान पर 25 जुलाई को खेला जाएगा। इस मुकाबले में एकबार फिर से सभी की नजरें टीम इंडिया के युवा ओपनिंग बल्लेबाज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली है। पहले टी20 मैच में वैभव के बल्ले से तूफानी अंदाज में 19 गेंदों में 50 रनों की पारी देखने को मिली थी, जिसके साथ ही वैभव ने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया। अब तक वैभव सूर्यवंशी ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 44 गेंदों का सामना करने के साथ कुल 92 रन बनाए हैं जिसमें से 74 रन उनके सिर्फ बाउंड्री से आए हैं, इसमें उनके बल्ले से 9 छक्के देखने को मिले हैं। अब वैभव को लेकर टीम इंडिया के कार्यवाहक गेंदबाजी कोच सुनील जोशी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने इस युवा खिलाड़ी को लेकर फ्यूचर प्लान का भी खुलासा किया है।
अभी उसे सिर्फ बल्लेबाजी पर ध्यान देने की जरूरत
भारतीय टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे के दौरे पर कार्यवाहक सपोर्ट स्टाफ के साथ गई है जिसमें सुनील जोशी बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। जोशी ने दूसरे टी20 मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी को लेकर फ्यूचर प्लान के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेरी नजर में सबसे पहले उन्हें एक बल्लेबाज के तौर पर ही देखा जाना चाहिए, अभी उसे सिर्फ बल्लेबाजी पर ध्यान देने की जरूरत है। मुझे खुशी है कि वह अच्छा करने में कामयाब रहा और बाकी बचे दोनों मुकाबलों में भी इसी तरह की लय को बरकरार रख सके। उसे जिम्बाब्वे में काफी कामयाबी मिली है जिसमें अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया था। हमें जब भी समय मिलेगा मैं उनके साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी पर काम करूंगा।
पार्ट टाइम ऑफ स्पिन की भूमिका निभाते दिखे हैं वैभव सूर्यवंशी
इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल में अभी तक भले ही वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा गया है, लेकिन उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट में और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बाएं हाथ के पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी को निभाया है। वैभव के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2 विकेट भी दर्ज हैं। ऐसे में वह भविष्य में अपनी गेंदबाजी को भी बेहतर कर एक स्पिन ऑलराउंडर प्लेयर का भी विकल्प टीम इंडिया के लिए बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs ZIM दूसरे टी20 में कैसा रहेगा पिच का मिजाज, बल्लेबाजों का दिखेगा दम या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल