Virat Kohli Record in IPL Final: IPL 2026 का फाइनल मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 31 मई को खेला जाएगा। RCB की टीम अपना पांचवां फाइनल खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी। टीम इससे पहले चार बार खिताबी मुकाबले तक पहुंच चुकी है और एक बार ट्रॉफी भी जीत चुकी है। अब RCB के पास लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का मौका है। इस मैच के दौरान एक बार फिर सभी की नजरें विराट कोहली पर रहने वाली हैं। इस बीच हम आपको आज बताएंगे कि RCB के लिए अब तक 4 फाइनल मैच में विराट का रिकॉर्ड कैसा है।
आईपीएल फाइनल में अब तक कैसा रहा है विराट कोहली का प्रदर्शन?
विराट कोहली के लिए भी यह आईपीएल का पांचवां फाइनल मैच होगा। अब तक खेले गए 4 फाइनल में वह अपनी टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। 4 आईपीएल फाइनल की पारियों में विराट के बल्ले से 34.75 के औसत से 139 रन आए हैं, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 126.36 का रहा है। वहीं उनका हाईएस्ट स्कोर 54 रन का रहा है। विराट के बल्ले से एकमात्र अर्धशतक 2016 के फाइनल में SRH के खिलाफ मैच में आई थी। कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए अब तक चार आईपीएल फाइनल (2009, 2011, 2016 और 2025) खेले हैं।
किन 4 टीमों के खिलाफ विराट ने खेला है फाइनल?
अपने पहले फाइनल में 2009 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ विराट कोहली ने सिर्फ 7 रन बनाए थे। इसके बाद 2011 के फाइनल में उन्होंने 35 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी टीम 58 रनों से मैच हार गई। साल 2016 में कप्तान के रूप में खेलते हुए उन्होंने फाइनल में शानदार 54 रन बनाए, वहां उनकी टीम को 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा। आखिरकार, 2025 के फाइनल में उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 43 रन बनाए और उनकी टीम ने 6 रनों से जीत दर्ज कर अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने में कामयाब रही।
आईपीएल 2026 में 600 रन बना चुके हैं विराट
आईपीएल 2026 में पूर्व कप्तान विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। इस सीजन उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए क्वालिफायर-1 मैच में कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 43 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने सीजन में अपने 600 रन पूरे कर लिए। इसी के साथ वे आईपीएल के इतिहास में लगातार 4 सीजनों में 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 2023 से लेकर 2026 तक हर सीजन में 600 से अधिक रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें
हरमनप्रीत कौर का नया कीर्तिमान, T20 इंटरनेशनल में छुआ 4 हजार रन का जादुई आंकड़ा
RCB vs GT फाइनल मैच में हुई बारिश तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या कहते हैं IPL के नियम