भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की तरफ से आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को जब से मुस्तफिजुर रहमान को स्क्वाड से रिलीज करने का निर्देश दिया गया है उसके बाद से भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव लगातार बढ़ता दिख रहा है। बांग्लादेश में मौजूदा समय में वहां के घरेलू हालात काफी खराब हैं, जिसके चलते भारत में भी काफी विरोध इसको लेकर देखने को मिला और इसी के बाद बीसीसीआई ने बांग्लादेश के खिलाड़ी रहमान को आईपीएल से बाहर करने का आदेश दिया। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम के मैचों के वेन्यू बदलने को लेकर आईसीसी को एक लेटर लिखा है, जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों को सुरक्षा का हवाला दिया है।
आईसीसी से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को लगेगा झटका
बांग्लादेश क्रिकेट टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के अपने चार मुकाबलों में से तीन जहां कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेलने हैं, तो वहीं एक मैच वह मुंबई में खेलेंगे। बीसीबी की तरफ से आईसीसी को अपनी टीम के वेन्यू बदले जाने को लेकर लिखे गए लेटर के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई को एक बीसीसीआई सूत्र ने दिए अपने बयान में इस पूरे मुद्दे को लेकर कहा कि आप किसी की मर्जी और पसंद के हिसाब से मैच के वेन्यू को नहीं बदल सकते हैं। यह लॉजिस्टिक्स के हिसाब से बहुत मुश्किल है। बांग्लादेश को जिन दूसरी टीमों के खिलाफ मुकाबला खेलना है आप उनके बारे में सोचिए क्योंकि उनके एयर टिकट से लेकर होटल तक सब बुक हो चुके हैं। वहीं वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज तक हर दिन तीन-तीन मैच हैं, जिसमें एक मैच श्रीलंका में होगा, जहां ब्रॉडकास्ट क्रू भी है। इसलिए ये सभी बातें कहना तो आसान होता है, लेकिन करना लगभग नामुमकिन है।
बांग्लादेश बोर्ड श्रीलंका में शिफ्ट कराना चाहता है मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और श्रीलंका मिलकर संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं, जिसमें वहां भी कई मुकाबले खेले जाएंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को जो लेटर लिखा है, उसमें उन्होंने अपने खिलाड़ियों की भारत में सुरक्षा का हवाला देते हुए मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने पर विचार करने के लिए कहा कि। बता दें कि बांग्लादेश की टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलकाता में ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेलना है तो वहीं दूसरा मैच 9 फरवरी को इटली के खिलाफ और तीसरा मैच 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में ही खेलना है। इसके बाद बांग्लादेश की टीम ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मैच नेपाल की टीम के खिलाफ 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी।
ये भी पढ़ें
IPL से बाहर होने पर आया मुस्तफिजुर रहमान का पहला बयान, कहा - आप क्या कर सकते हैं?