न्यूजीलैंड की टीम ने इंग्लैंड के दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के बचे 2 मुकाबलों के लिए अपने स्क्वाड में 33 के साल के विल यंग को जोड़ने का फैसला लिया है। कीवी टीम को ये फैसला केन विलियमसन के अचानक 12 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद लेना पड़ा। विल यंग अब 14 जून को इंग्लैंड पहुंचने के साथ सोमवार से कीवी टीम के साथ ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लेंगे। इस टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून से द ओवल के मैदान पर खेला जाएगा। इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच लॉर्ड्स में खेला गया था, जिसको इंग्लैंड की टीम अपने नाम करने में कामयाब रही थी।
विल यंग ने पिछले साल खेला था टेस्ट में आखिरी बार मुकाबला
इंग्लैंड दौरे के बीच में न्यूजीलैंड के स्क्वाड का हिस्सा बने विल यंग ने पिछली बार टेस्ट मुकाबला दिसंबर 2025 में खेला था। विल यंग ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू साल 2020 में किया था, जिसके बाद से अभी तक वह सिर्फ 23 टेस्ट मैच ही खेलने में कामयाब हो सके। विल यंग भले ही कीवी टीम में अपनी जगह को पूरी तरह से पक्का करने में कामयाब नहीं रहे लेकिन इसके बावजूद टॉप ऑर्डर में उनका बल्ले से काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। न्यूजीलैंड की टीम ने जब साल 2024 में भारत के दौरे पर टेस्ट सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था तो उसमें विल यंग ने 6 पारियों में 244 रन बनाए थे जिसके लिए उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला था।
रिटायरमेंट के बाद विलियमसन कुछ दिन रहेंगे टीम के साथ
केन विलियमसन ने अपने रिटायरमेंट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अभी मैं कुछ समय के लिए टीम के साथ रहूंगा लेकिन उन्हें थोड़ा स्पेस भी दूंगा। टीम में मौजूद कुछ लोगों के लिए ये कोई नई चीज नहीं है लेकिन कई लोगों के लिए है। इसलिए आने वाले दिनों में स्थिति थोड़ा बेहतर होगी। मैं काफी लंबे समय तक इस टीम का हिस्सा रहा हूं और उसमें कई लीडर मौजूद हैं। हमें यहां से आगे बढ़ने के लिए कुछ कदम उठाने पड़ेंगे। बता दें कि मेजबान इंग्लैंड ने भी दूसरे टेस्ट के लिए अपने स्क्वाड में दो बदलाव किए हैं, जिसमें उनके कप्तान बेन स्टोक्स के अलावा गस एटिंकसन को जहां बाहर किया गया है तो वहीं जोफ्रा आर्चर और जॉर्डन कॉक्स को शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें
बांग्लादेशी क्रिकेटर के साथ पुलिस ने की बदसलूकी, लाठी और पाइप से लगा पीटने का आरोप