Women World Cup 2025 Semifinal Race: महिला वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं बाकी 6 टीमों के पास अभी भी सेमीफाइनल में पहुंचने का चांस है और टीमें इसके लिए जोर आजमाइश कर रही हैं। भारतीय टीम की भी सेमीफाइनल के लिए उम्मीदें जिंदा है। भारत महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ 19 अक्टूबर को खेलेगी।
भारतीय टीम ने शुरुआत तो की थी धमाकेदार
भारतीय टीम ने महिला वर्ल्ड कप 2025 में शुरुआत तो बहुत ही अच्छी की थी, जब उसने श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो मुकाबले जीत लिए। लेकिन फिर उसे साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हार का मुंह देखना पड़ा। पिछले दोनों मैचों में टीम इंडिया के गेंदबाजी आक्रमण की कलई पूरी तरह से खुल गई, जब गेंदबाज अच्छा नहीं कर पाईं। अब भारत के खिलाफ टीम को अच्छा खेल दिखाना होगा।
भारतीय टीम ने जारी टूर्नामेंट में अभी तक कुल चार मुकाबले खेले हैं, जिसमें से दो जीते हैं और चार अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 0.682 है। वह प्वाइंट्स टेबल में इस समय चौथे नंबर पर काबिज है।
अगले तीन मैचों में भारतीय टीम को दिखाना होगा दम
महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम के अभी तीन मुकाबले बचे हुए हैं, जो उसे इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ खेलने हैं। अगर टीम इंडिया ये तीनों मैच जीत जाती है, तो उसके 10 अंक हो जाएंगे और वह आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। इसके लिए सबसे पहले भारत को इंग्लैंड की चुनौती से पार पाना होगा। भारतीय बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी हरलीन देओल, स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर को बड़ी पारी खेलनी होगी। इसके अलावा टीम को भी एकजुट प्रदर्शन करना होगा। तभी वह सेमीफाइनल का टिकट पा सकती है।
प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है ऑस्ट्रेलियाई टीम
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अभी तक कुल पांच मैच खेले हैं, जिसमें से चार जीते हैं और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला है। 9 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 1.818 है। दूसरी तरफ साउथ अफ्रीकी टीम ने अभी तक पांच मैच खेले हैं, जिसमें से चार में जीत की है, जबकि एक हारा है। 8 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट माइनस 0.440 है। ये दोनों टीमें सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी हैं और अभी दो स्थान खाली है। प्वाइंट्स टेबल की टॉप-4 में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।