World Test Championship: टेस्ट क्रिकेट के मंच पर एक नई चुनौती के लिए बांग्लादेश तैयार है। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले टीम का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें अनुभव और युवा जोश का शानदार मिश्रण देखने को मिला है। खास बात यह है कि इस बार टीम में दो नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। यह मुकाबला 8 मई से ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा और यह 2025-27 ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC का हिस्सा होगा।
शांतो के हाथों में कमान
टीम की कमान एक बार फिर नजमुल हुसैन शांतो के हाथों में सौंपी गई है, जबकि मेहदी हसन मिराज को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में महमुदुल हसन जॉय, शादमान इस्लाम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम और लिटन दास जैसे अनुभवी बल्लेबाज शामिल हैं।
दो नए खिलाड़ियों को मौका
इस टीम में दो अनकैप्ड खिलाडियों को शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी हैं तंजीद हसन और अमित हसन। तंजीद हसन पहले ही ODI और T20 फॉर्मेट में खुद को साबित कर चुके हैं। उन्होंने 34 वनडे और 45 T20 मैचों में 1900 से ज्यादा रन बनाए हैं और अब टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे। वहीं, 23 साल के अमित हसन एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं, जिनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में औसत 49 का है। उन्होंने 2019 में अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था और अब इंटरनेशनल लेवल पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।
तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और शोरीफुल इस्लाम की टीम में वापसी हुई है, जो आखिरी बार 2024 के अंत में टेस्ट खेलते नजर आए थे। इसके अलावा स्पिनर नईम हसन भी रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। बांग्लादेश इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी स्थिति सुधारना चाहेगा। नए खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों के मिश्रण के साथ बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।
2 मैचों की टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
- पहला टेस्ट: 8-12 मई, शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम, ढाका
- दूसरा टेस्ट: 16-20 मई, सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, सिलहट
पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), महमुदुल हसन जॉय, शादमान इस्लाम, मोमिनुल हक शोराब, मुशफिकुर रहीम, लिटन दास, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, नईम हसन, एबादोत हुसैन चौधरी, शोरफुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, तंजीद हसन और अमित हसन।
यह भी पढ़ें:
लुंगी एंगिडी के बाद अब CSK के खिलाड़ी के साथ हुआ हादसा, कैच लेने की कोशिश में जमीन से टकराया सिर